फोटो 24 एचएएमपी 37- वायरल वीडियो में खाना पकाती महिला। स्रोत: सोशल मीडिया
हमीरपुर। कलक्ट्रेट परिसर में वन स्टॉप सेंटर के सामने पार्टी करने और खाना बनाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में कोषागार कार्यालय के बाहर कुछ कर्मचारी पार्टी करते नजर आ रहे हैं। वीडियो में मांस पकाए जाने का भी दावा किया जा रहा है। हालांकि संवाद न्यूज एजेंसी वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करती है। वायरल वीडियो का संज्ञान लेकर जिला प्रोवेशन अधिकारी ने तीन कर्मचारियों को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा है।
सोशल मीडिया में वायरल वीडियो कलक्ट्रेट परिसर के अंदर का बताया जा रहा है। वायरल वीडियो की तारीख, स्थान की आधिकारिक पुष्टि, उसमें दिखाई दे रहे लोगों की पहचान और पूरे घटनाक्रम की स्वतंत्र पुष्टि होना बाकी है। हालांकि ज्यादातर चर्चा कोषागार कार्यालय के बाहर खाना बनाए जाने की हो रही है। कार्यालय के बाहर कुछ कर्मचारी खाना बनाते नजर आ रहे हैं। इस दौरान मांस भी पकाया जा रहा था। सरकारी परिसर में इस तरह की गतिविधि कैसे हुई और क्या इसके लिए किसी प्रकार की अनुमति ली गई थी, यह अभी स्पष्ट नहीं है। सरकारी कार्यालय आमतौर पर प्रशासनिक कामकाज और जनसेवा के लिए इस्तेमाल किए जाते हैं। ऐसे परिसर में निजी आयोजन या खाना बनाने जैसी गतिविधियां होती हैं तो नियमों और अनुमति से जुड़े सवाल उठना स्वाभाविक है।
जिला प्रोवेशन कार्यालय के कर्मचारी पर रील बनाने का दावा
वहीं जिला प्रोवेशन कार्यालय के एक कर्मचारी को लेकर एक और चर्चा है। कार्यालय के एक कर्मचारी ने पार्टी का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के इंस्टाग्राम पर रील के रूप में साझा किया है। वीडियो के साथ अभी तो पार्टी शुरू हुई है जैसे गीत का इस्तेमाल किए जाने की बात भी कही जा रही है।
बीते 18 अक्तूबर से वह अवकाश पर थे। वायरल वीडियो दशहरा के आसपास का बताया जा रहा है। वन स्टॉप सेंटर में गैस खत्म हो जाने के कारण बाहर भोजन बनाए जाने की बात सामने आई है। मांस पकाने की कोई जानकारी नहीं है। पनीर की सब्जी बनाई जा रही है। हालांकि उन्होंने वन स्टॉप सेंटर के तीन कर्मचारियों तबस्सुम परवीन, कुलदीप और रामकिशुन को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया है। - राजीव सिंह, जिला प्रोवेशन अधिकारी।