हमीरपुर। जिले में सीएचसी और जिला पुरुष व महिला अस्पताल में लगे हेल्थ एटीएम महीनों से बंद पड़े हैं। मरीजों को इनका लाभ नहीं मिल पा रहा है। विभागीय अधिकारी भी इस तरफ ध्यान नहीं दे रहे हैं। कहीं पर जांच के लिए सामान नहीं है तो कहीं पर चलाने के ऑपरेटर नहीं है। कुछ मशीनें खराब पड़ी हैं। संबंधित कंपनी को बार-बार पत्राचार करने के बाद भी इनकी मरम्मत नहीं हो पा रही है।
हिंदुस्तान एंटीबायोटिक्स लि. द्वारा वर्ष 2022 में हेल्थ एटीएम मशीनें सरकारी अस्पतालों में लगाई गई थीं। इनमें जिला पुरुष व महिला अस्पताल में दो मशीनें, सीएचसी कुरारा, सुमेरपुर पीएचसी, सरीला, राठ और मौदहा में करीब 37 लाख की लागत से ये मशीनें लगाई गई थीं। जिला पुरुष व महिला अस्पताल में इमरजेंसी कक्ष में लगे हेल्थ एटीएम अधिकतर बंद रहते हैं। इसका इस्तेमाल कभी-कभी किसी व्यक्ति की बीपी व वजन की माप करने में कर लिया जाता है। ज्यादातर मरीजों की सभी जांच लैब में होती हैं।