सुमेरपुर में शराब की दुकान का टूटा ताला।
- फोटो : Amar ujala
रविवार रात चोरों ने बांदा मार्ग स्थित एक गैस एजेंसी के निकट खुले देशी शराब ठेके का शटर तोड़कर 19 हजार रुपये नगद व 18 पेटी देशी शराब चोरी कर ली। पीड़ित ने घटना की सूचना पुलिस को दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कस्बे की देशी शराब दुकान नंबर एक बांदा मार्ग पर एक गैस एजेंसी के निकट खोली गई है। रविवार रात चोर ठेके का शटर तोड़कर 19 हजार नगद व 18 पेटी शराब चोरी कर ले गए। चोरी गई शराब की कीमत 40 हजार रुपये बताई गई है। चोरों ने गोलक को तोड़कर ठेके के बगल में बाउंड्रीवाल के पास फेंक दिया। सेल्समैन अखिलेश पुत्र रामलखन ने पुलिस को बताया कि रात करीब 11 बजे वह अपनी दुकान बंद कर घर चला गया। सुबह नौ बजे जब दुकान आया तो शटर का ताला टूटा पड़ा था और शटर को काटा भी गया था। पुलिस ने तहरीर लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
कस्बे में नहीं रुक रहीं चोरियां
कस्बे में चोरियों की बाढ़ सी आ गई है। 31 मार्च को बस स्टैंड के पास चार दुकानों का ताला तोड़कर चोरी की गई थी। इससे पूर्व पशु बाजार के निकट दो तथा फैक्ट्री एरिया स्थित एक किराने की दुकान में चोरी हुई थी। वहीं, दो दिन पूर्व पेट्रोल पंप के निकट हाईवे किनारे मुर्गा फार्म से टाटा सूमो चोरी हो गई थी। लेकिन अभी तक किसी भी चोरी का खुलासा न होने से व्यापारियों में आक्रोश है। थानाध्यक्ष आरके सिंह का कहना है कि चोरों की तलाश की जा रही है।