पचखुरा खुर्द गांव में आयोजित कार्यक्रम में बांटी गई सब्जी किट दिखाती महिलाएं।
- फोटो : HAMIRPUR
हमीरपुर। कृषि विज्ञान केंद्र कुरारा से संचालित निकरा परियोजना के जरिये ग्रामीण क्षेत्रों में कृषक परिवार के घरों में पोषण वाटिका तैयार कराई जा रही है। केंद्र ने भरुआसुमेरपुर ब्लाक के पचखुरा खुर्द गांव का चयन किया है। पोषण वाटिका के माध्यम से ग्रामीणों को शुद्ध व ताजी सब्जियां मिलेंगी।
केवीके कुरारा की गृह वैज्ञानिक डॉ. फूल कुमारी ने बताया कि पोषण वाटिका से शुद्ध ताजी एवं कीटनाशक दवाओं से मुक्त सब्जी प्राप्त होती है। इसके माध्यम से प्रति माह सब्जी में होने वाले खर्च में भी बचत की जा सकती है। उन्होंने महिलाओं एवं किसानों को गृह वाटिका लगाने, प्रबंधन आदि की विस्तृत जानकारी दी।
पौध सुरक्षा वैज्ञानिक डॉ. चंचल सिंह ने जैविक तरीके से सब्जियों के प्रबंधन की विस्तृत जानकारी देते हुए जैविक कीटनाशी प्रयोग करने की नसीहत दी। पशु पालन वैज्ञानिक डॉ. एसपीएस सोमवंशी ने जैविक खाद डालकर शुद्ध सब्जी लगाने पर जोर दिया। कार्यक्रम में जगरूप सिंह, आशा देवी, सुमन, रानी सहित 35 महिलाओं को गृह वाटिका के लिए ख्ररीफ मौसम में बोने वाले फल व सब्जियों के बीजों का वितरण किया गया।