पनवाड़ी/चरखारी। थाना पनवाड़ी के बहादुरपुरकलां गांव में एक मकान में आग लगने से रसोई गैस सिलिंडर तेज धमाके के साथ फट गया। इससे मकान का आधा हिस्सा धराशायी हो गया। पूरे मकान में आग लगने से 50 हजार की नकदी समेत लाखों का माल जलकर बर्बाद हो गया। दमकलकर्मियों ने दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इसी तरह सूपा गांव में आग लगने से एक ग्रामीण की झोपड़ी जलकर बर्बाद हो गई।
बहादुरपुरकलां गांव निवासी मूलचंद्र मजदूरी करता है। बृहस्पतिवार की सुबह घर की महिलाओं ने रसोई गैस सिलिंडर से खाना बनाया। इसी दौरान सिलिंडर लीकेज होने से आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे मकान को चपेट में ले लिया। तब घर में मौजूद परिजनों ने किसी तरह बाहर निकल जान बचाई। कुछ देर बाद ही सिलिंडर तेज धमाके के साथ फट गया। इससे मकान का आधा हिस्सा धराशायी हो गया। आग की लपटें पड़ोसी मैयादीन के मकान तक पहुंच गईं। तब ग्रामीणों ने फायर बिग्रेड को सूचना देते हुए आसपास स्थित जलस्रोतों से पानी लाकर आग बुझाने का प्रयास किया।
मौके पर पहुंचे दमकलकर्मियों ने दो घंटे की मशक्कत के बाद आग बुझाई लेकिन तब तक नकदी व ग्रहस्थी जल गई। पीड़ित ने बताया कि उसने इलाज और एक शादी समारोह में जाने के लिए दो दिन पहले बैंक से 50 हजार रुपये निकाले थे, जो जल गए। साथ ही गृहस्थी, खाद्यान्न बर्बाद होने के साथ मकान भी क्षतिग्रस्त हो गया। पीड़ित ने राजस्व विभाग को सूचना देते हुए अग्निकांड की घटना में हुई क्षति का आंकलन कराकर सरकारी सहायता दिलाए जाने की मांग की है। इसी तरह कोतवाली चरखारी के सूपा गांव में ईदगाह मस्जिद के पीछे स्थित मुन्ना की झोपड़ी में आग लग गई। इससे हजारों का नुकसान हुआ। दमकलकर्मियों ने मौके पर पहुंच आग बुझाई।