हमीरपुर। विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान(एसआईआर) पर चल रहे काम की समीक्षा करने आए चित्रकूटधाम मंडल, बांदा के मंडलायुक्त अजीत सिंह ने मतदेय स्थलों का निरीक्षण किया। बीएलओ से काम की वास्तविकता जानी, तो वहीं फार्म 6ए के उपयोग पर सवाल किया। इस पर कोई बीएलओ जवाब नहीं दे पाया। पहली बार में तो सब यही बोले नए मतदाता के लिए यह फार्म भरा जाता है। मंडलायुक्त ने इस जवाब पर कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक भी की।
चित्रकूटधाम मण्डल, बांदा अजीत सिंह बुधवार को जिले के दौरे पर रहे। यहां पर कलक्ट्रेट में उन्होंने विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण संबधी कार्यक्रम की समीक्षा की और फिर मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के साथ बैठक की।इस दौरान एसआईआर की प्रगति रिपोर्ट देखी। उक्त बैठक में निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी कड़ेदीन शर्मा ने बताया कि जिले में 1015 मतदेय स्थलों के सापेक्ष 1015 बीएलओ व 102 सुपरवाइजर की तैनाती की गयी है। 52 सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों की तैनाती की गयी है, जो नोटिस की सुनवाई का कार्य कर रहे हैं। बैठक में नो-मैपिंग के मतदाताओं को नोटिस भेजने और उनकी सुनवाई पर बिंदुवार चर्चा की। कहा कि जिन मतदाताओं के कागजात पूरे नहीं है उन्हें सूचना देकर पूरे कराएं। अनावश्यक कागजातों के लिए परेशान न करें। छोटी कमियों में नाम काटने के बजाए उन्हें पूरा कराने पर ध्यान दें। बैठक के बाद मतदेय स्थल पर बीएलओ के कार्य की समीक्षा करने को निकले। सबसे पहले वह राजकीय बालिका इंटर कॉलेज पहुंचे, इसके बाद श्रीविद्या मंदिर इंटर कॉलेज के बूथ का निरीक्षण किया। दोनों ही जगह पर बीएलओ से बात की और कहा कि बीएलए का सहयोग लेकर जो युवा 18 वर्ष पूरे कर रहे है उन्हें वोटर अवश्य बनवाए। दोनों स्थलों पर फार्म 6ए के बारे में पूछा, कहा कि इस फार्म का उपयोग किसलिए किया जाता है। बीएलओ तपाक से बोले नए मतदाता जोड़ने के लिए। बाद में अपनी गलती का सुधार करते हुए बताया अप्रवासी भारतीय के लिए होता है। मंडलायुक्त ने बीएलओ को कड़ी फटकार लगाई। कहा कि पूरी जानकारी के साथ बैठा करें। जानकारी नहीं है तो दोबारा ट्रेनिंग लें। बैठक में एसडीएम, तहसीलदार मौजूद रहे।