गहरौली (हमीरपुर)। गांव में चल रही क्रिकेट टूर्नामेंट प्रतियोगिता में बुधवार को सेमीफाइनल मुकाबला खेला गया। तगारी टीम ने परछा को 31 रन से पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया। तगारी व इमलिया की टीम फाइनल में भिड़ेगी।
मैच का शुभारंभ बाल गोपाल शुक्ला और विनय राजपूत ने संयुक्त रूप से किया। टॉस जीतकर तगारी टीम के कप्तान दीपू यादव ने पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया। तगारी ने निर्धारित 16 ओवर में 149 रन बनाए। टीम की ओर से जैकसन ने 31 रन, बउआ ने 35 रन और ईसार ने 40 रन की अहम पारी खेली। परछा की तरफ से गेंदबाजी में कासिम और प्रिंस ने तीन-तीन विकेट लेकर बल्लेबाजों पर अंकुश लगाने का प्रयास किया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी परछा (मौदहा) की टीम निर्धारित ओवरों में 118 रन ही बना सकी और 31 रन से मुकाबला हार गई। टीम की ओर से कासिम ने 35 रन, धर्मेंद्र ने 28 रन और सचिन ने 20 रन का योगदान दिया। तगारी की ओर से जैकसन ने पहले बल्लेबाजी में और फिर गेंदबाजी में हाथ दिखाए। उन्होंने चार विकेट हासिल किए। गेंदबाज ईसार ने दो विकेट लेकर जीत सुनिश्चित की।
मुकाबले में अंपायर की भूमिका खूबचंद व सचिन राजपूत ने निभाई। स्कोरिंग सुनील राजपूत ने की, जबकि कमेंट्री उमाकांत तिवारी व हर्ष गुरुदेव ने की। इस अवसर पर मुस्करा थाना प्रभारी योगेश तिवारी, विमलेश गुरुदेव, अजय राजपूत सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद रहे।