सरीला। थाना जरिया के करियारी गांव में दो दिन से लापता 35 वर्षीय युवक का शव गुरुवार को गांव के ही टिढुआ तालाब में उतराता मिला। युवक अत्यधिक शराब पीता था। मंगलवार को शराब पीने के लिए पत्नी से रुपये मांगे थे, मना करने पर वह झगड़ा कर सुबह ही घर से निकल गया था।
करियारी गांव निवासी परमेश्वरी दयाल श्रीवास का पुत्र अरविंद शराब का लती था। पत्नी केशकली से उसने मंगलवार सुबह रुपये मांगे तो उसने रुपये न होने की बात कही। इसके बाद वह झगड़कर मंगलवार सुबह से ही घर से निकल गया। जिसके बाद फिर घर नहीं आया। परिजनों ने उसकी खोजबीन की मगर वह कहीं नहीं मिला।
बृहस्पतिवार को उसका शव ग्रामीणों को गांव के ही टिढुआ तालाब में उतराता दिखाई दिया। जिसकी सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने तालाब से शव को बाहर निकलवाया। पत्नी ने शव की शिनाख्त की। मृतक व उसके परिवार की गांव में किसी से कोई रंजिश नहीं थी। ग्रामीणों का अनुमान है कि शौच क्रिया के बाद अत्यधिक नशे के कारण वह तालाब में गिर गया होगा।
इंस्पेक्टर मयंक कुमार चंदेल ने बताया कि मृतक अत्यधिक शराब पीता था। पत्नी के रुपये देने से मना करने के बाद वह शराब के लिए घर में रखे पैसे चुपचाप ले जा रहा था। जिसे उसकी लड़की ने देख लिया था। इसी बात पर पत्नी से झगड़ कर वह मंगलवार को सुबह चला गया था। बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।