खरेला (महोबा)। कस्बा खरेला के मोहल्ला रायसिंह में युवती की मौत पर पिता ने थाने पहुंचकर तहरीर दी है। पिता ने बेटी की हत्या किए जाने की आशंका जताते हुए गहनता से जांच कराए जाने की मांग की है।
मोहल्ला रायसिंह निवासी रमेशचंद्र अहिरवार दिल्ली में मजदूरी करता है। घर में उसकी पत्नी माया, बेटी मिथलेश व एक छोटी बेटी रहती है। शनिवार को उसकी बेटी मिथलेश का शव घर के अंदर फंदे पर लटका हुआ मिला था।
चर्चा थी कि मिथलेश की शादी हमीरपुर निवासी एक युवक के साथ तय हो गई थी और अब उसने शादी से मना कर दिया था। इससे क्षुब्ध होकर उसने खुदकुशी कर ली है। सूचना पर पिता रमेश भी दिल्ली से घर आया। रमेशचंद्र ने परिजनों से बातचीत के बाद थाने में जाकर तहरीर दी और हत्या की आशंका जताई। पिता ने बताया कि जब वह घर आया तो परिजनों ने कहा कि बेटी का शव फंदे से लटका था जबकि उसके घुटने जमीन पर रखे थे। इतना ही नहीं घर के पीछे का हिस्सा गिरा हुआ है। इससे किसी के आने की संभावना भी हो सकती है।
थानाध्यक्ष नन्हेलाल यादव का कहना है कि मिथलेश के पिता आए थे और उन्होंने हत्या की आशंका जताई है। हालांकि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण हैंगिंग यानी खुदकुशी करना आया है।