हमीरपुर। उद्योग विभाग जिले के पारंपरिक कारीगरों और हस्तशिल्पियों को स्वरोजगार हेतु अवसर दे रहा है। तीन योजनाओं (विश्वकर्मा श्रम सम्मान, ओडीओपी, ओडीओओआई) के तहत ऑनलाइन आवेदन मांगे गए हैं। उपायुक्त जयश्री तिवारी के अनुसार, शासन इन योजनाओं पर अनुदान दे रहा है।
विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना में कारीगरों को प्रशिक्षण और टूलकिट उपलब्ध कराई जाएगी। आवेदन के लिए न्यूनतम आयु 18 वर्ष है, शैक्षिक योग्यता या जाति का कोई बंधन नहीं। चयन पारंपरिक व्यवसाय से जुड़ाव के आधार पर होगा। एक जनपद-एक उत्पाद (ओडीओपी) योजना चर्म (जूता) और धातु उद्योग के लिए ऋण उपलब्ध कराएगी। परियोजना लागत पर 25 फीसदी अनुदान है लाभार्थी को 5 से 10 फीसदी अंशदान करना होगा। एक जनपद-एक व्यंजन (ओडीओओआई) योजना स्थानीय व्यंजनों के व्यवसाय को बढ़ावा देगी। इसमें 1 से 25 लाख रुपये तक की परियोजनाओं पर 25 फीसदी अनुदान मिलेगा।