बिवांर (हमीरपुर)। थाना बिवांर की कुन्हेटा चौकी क्षेत्र के टीहर गांव में शनिवार शाम कजली मेला देखने गए एक छात्र का गांव के युवक से विवाद हो गया। युवक ने छात्र पर चाकू से हमला कर दिया। चाकू का वार छात्र की दाहिनी आंख के पास लगा। आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
टीहर निवासी श्याम सिंह के बेटे रौनक ने थाने में तहरीर दी। बताया कि वह शास्वत शांती इंटर काॅलेज उमरी में 10वीं का छात्र है। वह शाम करीब छह बजे गांव के लोगों के साथ कजली मेला देख रहा था। इसी दौरान गांव का शिवम वहां पहुंचा और उसके साथ गालीगलौज करने लगा। विरोध करने पर शिवम ने चाकू से वार कर दिया। लोगों के बचाने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गया। थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि घायल का उपचार कराया गया है। आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। (संवाद)