सुमेरपुर बस स्टैंड में चुनाव पर चर्चा करते व्यापारी।
- फोटो : HAMIRPUR
भरुआ सुमेरपुर (हमीरपुर)। कस्बे के बस स्टैंड पर व्यापारी चुनाव पर चर्चा करते दिखे। व्यापारी नेताओं ने जन समस्याओं पर खुलकर विचार रखे। स्वास्थ्य, खेल सुविधाओं, ट्रेनों के संचालन, जीएसटी सहित बाईपास के मुद्दे पर चिंतन कर प्रत्याशियों के सामने मांग रखने की बात कही।
व्यापारी नेता चित्रांशु खरे, काली गुप्ता, बउआ गुप्ता, सुरेश श्रीवास्तव, अमित साहू, आकाश गुप्ता, राजेश गुप्ता आदि ने कहा कि कस्बा उद्योग नगरी है। ऐसे में सरकार को दिल्ली आने जाने के लिए इलाहाबाद अथवा बांदा से एक ट्रेन सुबह शाम कानपुर होकर दिल्ली के लिए चलानी चाहिए। इससे कस्बा के साथ जनपद के व्यापारियों को सीधा लाभ होगा और यहां के व्यापार को गति मिलेगी। वह सभी इस ट्रेन को चलने के लिए अरसे से मांग कर रहे हैं।
व्यापार मंडल के प्रदेश संगठन मंत्री कृष्णकुमार गुप्ता रामू ने कहा कि जाम की समस्या के मद्देनजर व्यापार मंडल पिछले एक दशक से बाईपास बनाने की मांग करता चला रहा है। कस्बे में बाईपास की सख्त जरूरत है। व्यापार मंडल के नगर अध्यक्ष महेश गुप्ता दीपू ने कहा कि कस्बे की आबादी करीब एक लाख पहुंच रही है। यहां पर महज एक पीएचसी है। कस्बे के महत्व को देखते हुए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अथवा मेडिकल कॉलेज का निर्माण कराना चाहिए। व्यापार मंडल के नगर उपाध्यक्ष आशीष गुप्ता ने कहा कि सरकार ने जीएसटी की दरें समांतर रूप से लागू करने का वादा किया था। लेकिन ऐसा नहीं हो सका। व्यापार मंडल के जिला उपाध्यक्ष अनिल परनामी ने कहा कि इतने बड़े कस्बे में युवाओं के खेलकूद के लिए कोई मैदान नहीं है। स्टेडियम निर्माण का आग्रह कर चुके हैं, लेकिन कोई ध्यान नही दे रहा है। स्टेडियम के अभाव में युवाओं की प्रतिभाओं में निखार नहीं आ रहा है।