टिकरौली गांव के मिनी स्टेडियम की खाली जमीन का नाप जोख कराते कंपनी के अवर अभियंता मनोज कुमार मौर्य
- फोटो : HAMIRPUR
हमीरपुर। सदर तहसील के टिकरौली और राठ कस्बे में बन रहे मिनी स्टेडियम की नापजोख का काम रविवार को कराने के साथ ही कार्यदायी संस्था यूपीपीसीएल ने पिलर निर्माण शुरू कराया है। कार्यदायी संस्था के अधिकारियों ने बताया अगर बजट की समस्या न आई तो दिसंबर 2021 तक दोनों स्टेडियम तैयार कर हैंडओवर कर दिए जाएंगे।
वर्ष 2019 में स्वीकृत साढ़े नौ करोड़ की लागत के दो मिनी स्टेडियमों के निर्माण के लिए शासन ने दो करोड़ की धनराशि जारी कर दी है। स्टेडियमों का निर्माण कार्य कार्यदायी संस्था यूपीपीसीएल ने शुरू कराया है। स्टेडियम का निर्माण कार्य शुरू होते ही युवा खिलाड़ियों में खुशी की लहर है। टिकरौली गांव निवासी पूर्व विधायक अशोक सिंह चंदेल के भतीजे अनुराग सिंह ने कहा गांव में स्टेडियम होना अपने आप में गौरव की बात है।
कहा स्टेडियम से जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिताएं खुलकर सामने आएगी। युवाओं में खेल के प्रति रुचि बढ़ेगी और लोगों को गांव में ही रोजगार के साधन भी उपलब्ध होंगे। कहा योगी सरकार युवाओं में खेल प्रतिभा निखारने के लिए ग्रामीण क्षेत्रों में स्टेडियम बनाकर अच्छा कार्य कर रही है। जिसके लिए हम गांववासी व क्षेत्रवासी उनका आभार व्यक्त करते हैं।
वहीं मिनी स्टेडियम मैदान की नाप करा रहे कार्यदायी संस्था के अवर अभियंता मनोज कुमार मौर्य ने कहा 90/75 मीटर इसका दायरा है। पिलर का काम शुरू कराया है। इसके बाद पूरा फाउंडेशन बनाकर मिट्टी की भराई कराई जाएगी। कहा अभी शासन से दोनों स्टेडियमों के लिए एक-एक करोड़ की धनराशि मिली है। बताया दिसंबर 2021 तक इसे तैयार करके देना है। कहा अगर बजट समय से मिलता रहा तो निर्धारित समय के अंदर निर्माण कार्य पूरा हो जाएगा। सामग्री आ गई है। एक दो दिनों में निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा।