फोटो- 10 एचएएमपी 16- परेहटा में महायज्ञ के कलश यात्रा शामिल श्रद्धालुजन। संवाद
भरुआ सुमेरपुर। ग्राम परहेटा स्थित श्री बजरंग धाम में मंगलवार को वैदिक मंत्रोच्चार, शंखनाद और सीताराम के जयघोष के बीच 11 कुंडीय श्री सीताराम नाम महायज्ञ का भव्य शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर निकाली गई कलश यात्रा में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। 10 से 18 नवंबर तक चलने वाले नौ दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान में श्रीराम कथा के साथ रात में रासलीला का भी आयोजन होगा।
धाम के महंत स्वामी संतदास महाराज के सानिध्य में पहले दिन आश्रम परिसर से कलश यात्रा निकाली गई। गाजे-बाजे और भक्ति गीतों के बीच निकली कलश यात्रा ने पूरे परहेटा गांव का भ्रमण किया। महिलाएं सिर पर मंगल कलश धारण कर चल रही थीं। इस दाैरान गांव की गलियां प्रभु श्रीराम के जयघोष से गुंजायमान हो उठीं। यात्रा पुनः श्री बजरंग धाम पहुंचकर संपन्न हुई जहां कलश स्थापना कर महायज्ञ का शुभारंभ किया गया। यहां पर बांकी आश्रम के महामंडलेश्वर रामदेव महाराज, कथावाचक लोकेंद्र दास महाराज, यज्ञाचार्य संजय शर्मा, कथा के परीक्षित राम मनोहर यादव एवं रामश्री यादव, यजमान राजेश यादव एवं संगीता यादव, सुशील उर्फ पिंटू यादव, सपा नेता रामप्रकाश प्रजापति, अजय उर्फ कल्लू यादव, मन्नीलाल शिवहरे, रामरूप शिवहरे, रामचंद्र शिवहरे, बउआ द्विवेदी आदि मौजूद रहे।
नौ दिनों तक चलने वाले इस धार्मिक आयोजन में यज्ञ की आहुतियों के साथ श्रीराम कथा के माध्यम से श्रद्धालुओं को प्रभु श्रीराम के आदर्शों, मर्यादा, त्याग और भक्ति का संदेश दिया जाएगा। वहीं रात्रि में आयोजित होने वाली रासलीला भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं से भक्तों को भावविभोर करेगी। महायज्ञ के शुभारंभ के साथ ही श्री बजरंग धाम में आध्यात्मिक और धार्मिक उल्लास का वातावरण बन गया है।