हमीरपुर। विशेष गहन पुनरीक्षण ( एसआईआर ) सर्वे के बाद प्रकाशित हुई कच्ची मतदाता सूची में बहुत से लोगों को नाम ढूंढे नहीं मिल रहे। परेशान महिलाएं और पुरुष बीएलओ से लेकर तहसील तक के चक्कर लगा रहे हैं। ममता और सुमन नाम की महिलाओं के पास मतदाता पहचान पत्र तो है, पर उनका नाम सूची में नहीं है। अब उन्हें स्वयं को मतदाता साबित करने के लिए परेशान होना पड़ रहा है।
शनिवार को एसआईआर के विशेष अभियान में मतदेय स्थलों पर कच्ची मतदाता सूची को अवलोकन के लिए रखा गया। शहर के मुहल्ला खालेपुरा निवासी ममता का नाम वोटर सूची में नहीं है। वह अपने पति संजय कुमार को लेकर तहसील पहुंची। यहां पर मतदाता पहचान पत्र दिखाया। ममता को बताया गया कि यह नगरीय चुनाव की मतदाता सूची का कार्ड है, लोकसभा व विधानसभा के लिए नहीं। पति का कहना है कि पूरे परिवार के वोट बने हुए है बस पत्नी का नाम नहीं है। यहां पर कोई सही जानकारी ही नहीं मिल पाई। ऐसा लग रहा है कि ममता से मत देने का अधिकार छिन जाएगा। यही हाल खालेपुरा मुहल्ले की ही रहने वाली सुमन का है। उसके पास भी मतदाता पहचान पत्र है लेकिन मतदाता सूची में नाम नहीं है। दो दिन से वह तहसील के चक्कर लगा रही है।
विशेष दिवस पर ड्राफ्ट मतदाता सूची देखने पहुंचे मतदाता
हमीरपुर। विशेष मतदाता दिवस पर ड्राफ्ट मतदाता सूची में नाम देखने से लेकर नाम जुड़वाने, हटवाने और संशोधन कराने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ी। बीएलओ के जवाब से कुछ संतुष्ट हुए तो कुछ निराश लौट गए। जिला निर्वाचन अधिकारी घनश्याम मीना बूथ की हकीकत जानने के लिए निकले।
जनपद के 1015 बूथों पर विशेष दिवस के मौके पर ड्राफ्ट सूची रखी गई। जिला निर्वाचन अधिकारी घनश्याम मीना कुछेछा के प्राथमिक पाठशाला व शहर के श्रीविद्या मंदिर इंटर कॉलेज के बूथ पर व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए पहुंचे। यहां पर उन्होंने बीएलओ को सख्त निर्देश दिए कि जो मतदाता आ रहा है उसकी समस्या को गंभीरता से सुनें और निष्पक्षता से उसका निस्तारण करें। कहा कि जिले में 12,000 के लगभग फार्म छह प्राप्त हुए है। फार्मो की जांच की जा रही है। नोटिस की सुनवाई चल रही है। जिले में 50,654 नोटिस बनवाए गए है। लगभग तीस हजार नोटिस भेजे जा चुके है। नोटिसों की सुनवाई में आवश्यक दस्तावेज नोटिस धारक से मांगे जा रहे है। राठ विधानसभा क्षेत्र में भी यही स्थिति रही। हालांकि सर्दी का असर भी देखने को मिला।