जिले के 11 स्थानों पर रामनवमी के दिन भव्य जुलूस के साथ शोभायात्राएं निकाली जाएंगी। जुलूस को लेकर प्रशासन काफी सतर्क है और विभिन्न थानाक्षेत्रों में पीएसी के साथ स्थानीय फोर्स को लगाया है। इस बार भाजपा की प्रचंड जीत से रामभक्तों में खासा जोश है। मुख्यालय समेत जिलेभर के शहरी इलाकों में भगवा झंडों व पन्नियों से सड़कों व गलियों को पाट दिया गया है।
बुधवार को रामनवमी का जुलूस व शोभायात्राएं सदर कोतवाली, कुरारा, सुमेरपुर, बिवांर, मौदहा, सिसोलर, सरीला, जलालपुर, जरिया, सरीला कस्बों से निकलेगी। इसी प्रकार राठ व मुस्करा कस्बे में भव्य जुलूस निकाला जाएगा। मुख्यालय के राजदरबार रामनवमी उत्सव समिति के अध्यक्ष अजय अवस्थी ने बताया कि देवदास मंदिर से दोपहर दो बजे से जुलूस निकलेगा। मौदहा प्रतिनिधि के अनुसार, रामनवमी की शोभायात्रा को लेकर डेढ़ सेक्शन पीएसी के साथ स्थानीय कोतवाली पुलिस और आसपास के थानों का फोर्स मौजूद रहेगा।
शोभायात्रा की व्यवस्था को लेकर सोमवार को संघ कार्यालय में बैठक हुई। संघ के प्रचारक उमाकांत ने कहा कि कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी दी गई है। शोभायात्रा में 51 भांगड़े, 20 घोड़े, एक हाथी, 10 डीजे, विभिन्न देवी-देवताओं की 17 झांकियां शामिल होंगी। नगर में कई स्थानों पर स्वागत द्वार बनाए गए हैं। भगवाध्वज के साथ झंडियां लगाई गई हैं। सीओ आरएन सिंह ने बताया कि भव्य शोभायात्रा को लेकर कई स्थानों पर वीडियोग्राफी कराई जाएगी। सुमेरपुर कस्बे में रामनवमी समिति के अध्यक्ष पुष्पराज सोनी ने बताया कि शोभायात्रा में तीन दर्जन झांकियां, हाथी, 31 घोड़े, 21 बैंड व 18 डीजे शामिल होंगे। जगह-जगह पुष्पवर्षा होगी।
शांति व्यवस्था के प्रबंध पूरे
एएसपी बीके मिश्रा ने बताया कि जुलूस को शांतिपूर्वक संपन्न कराने के लिए आयोजकों के साथ थानों में बैठकें हो चुकी हैं। थानों की फोर्स के साथ दो प्लाटून पीएसी उनके पास है। जिसमें मौदहा, हमीरपुर, राठ व सरीला में एक-एक सेक्शन पीएसी लगाई गई है। जलालपुर में जुलूस रात में निकलेगा। जिसमें जवारा जुलूस भी शामिल होते हैं। रामनवमी का त्योहार व जुलूस को शांतिपूर्वक संपन्न कराने के लिए संबंधित थानाध्यक्ष व सीओ खुद गश्त कर रहे हैं।
रामनवमी पर जबरदस्त उत्साह
गहरौली क्षेत्र के गांवों में रामनवमी को लेकर जबरदस्त उत्साह है। इस दिन होने वाली पूजा-अर्चना व निकलने वाले जुलूस के लिए बैठकें कर रणनीति बनाई गई। चैत्र मास की नवरात्रि के आखिरी दिन रामनवमी का पर्व क्षेत्र में बड़े ही धूमधाम व उल्लास के साथ मनाया जाता है। रामनवमी पर इस वर्ष उत्साह दोगुना देखने को मिल रहा है। भाजपा की सरकार बनने पर पार्टी के युवा मोर्चा व युवा वाहिनी के कार्यकर्ता विशेष रूप से सक्रिय हैं। गहरौली गांव में सिजौराधाम में बैठक हुई।
ईश्वरीदीन ने बताया कि बुधवार को रामनवमी के दिन सुबह आठ बजे से सुंदरकांड एवं रामजन्मोत्सव कार्यक्रम होंगे मुस्करा में आरएसएस, हिंदू वाहिनी एवं भाजपा कार्यकर्ताओं ने कालका देवी मंदिर के पास बैठक की। बैठक में सुनील कुमार अग्रवाल, अभिषेक तिवारी, प्रमोद कुमार अग्रवाल, ऋतुराज सिंह, युवा वाहिनी के अमित गुप्ता सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।