महोबा। वर्षा जल संचयन के लिए जिले के सात तालाबों का जीणोद्धार कराया जाएगा। इशके लिए कबरई ब्लॉक के दो व चरखारी ब्लॉक के पांच तालाबों को चिह्नित किया गया है। कार्यदायी संस्था को यह काम 45 दिन के अंदर पूरा करना होगा। इसकी कार्ययोजना तैयार कर ली गई है।
इस कार्य में दो करोड़ रुपये खर्च होंगे। लघु सिंचाई विभाग की ओर से कार्ययोजना तैयार की गई है। ताकि, बारिश के पानी को सहेजा जा सके। ब्लाॅक कबरई के रिवई सुनैचा स्थित जंशवंता तालाब, सिरसी कला स्थित तुला तालाब, ब्लाॅक चरखारी में रिवई के मंगल तालाब, बम्हौरीकला के पतवाखर तालाब, रिवई के मोती तालाब, तिलयानी तालाब व ऐंचाना के भुइयारानी तालाब का गहरीकरण और जीर्णोद्धार किया जाएगा।
इसके टेंडर भी जारी कर दिए गए हैं। पांच मई तक टेंडर प्रक्रिया पूरी हो जाएगी। इसके बाद तालाबों के गहरीकरण का काम होगा। इस काम को पूरा करने की डेटलाइन 20 जून निर्धारित की गई है। उधर, लघु सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता राजकुमार शुक्ला का कहना है कि वर्षा जल का संचयन जरूरी है।
विभाग की ओर से जिले के ग्रामीण क्षेत्र में स्थित सात तालाबों के गहरीकरण की कार्ययोजना तैयार की गई है।