बिवांर (हमीरपुर)। छानी खुर्द गांव के खेल मैदान में चल रहे क्रिकेट टूर्नामेंट में शुक्रवार को रनों की बारिश देखने को मिली। मनीष ने आठ छक्का और चार चौका लगाए तो वहीं सुग्रीव ने तेज अर्द्ध शतक बनाया। सायर की टीम ने दमदार बल्लेबाजी और गेंदबाजी की बदौलत बेरी को 83 रनों से हराकर सेमीफाइनल में स्थान बनाया।
बेरी टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी की और सायर को बल्लेबाजी का न्योता दिया। सायर ने निर्धारित 15 ओवरों में पांच विकेट खोकर 198 रन बनाए। सायर टीम के बल्लेबाज मनीष ने धुआंधार पारी खेलते हुए 35 गेंदों में आठ छक्कों और चार चौकों की मदद से 78 रन बनाए। बल्लेबाज सुग्रीव ने तेजतर्रार अर्धशतक ठोक कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। सुग्रीव ने महज 25 गेंदों में 56 रनों की परी खेली। बेरी के गेंदबाज नवनीत ने तीन ओवरों में 33 रन देकर 3 विकेट लिए। लक्ष्य पाने उतरी बेरी टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और मात्र 15 ओवरों में 8 विकेट खोकर 115 रन ही बना सकी। हालांकि चिल्ली के बल्लेबाज अनुज ने एक सिरा संभालने की कोशिश की और 35 रन बनाए, लेकिन अन्य खिलाड़ी उसका साथ नहीं दे पाए। सायर ने 82 रनों से दूसरा क्वार्टर फाइनल जीतकर सेमीफाइनल में जगह बना ली। सायर के गेंदबाज आशीष ने अच्छी गेंदबाजी करते हुए 3 ओवरों में 21 रन देकर 4 विकेट झटके।सायर के मनीष को मैन ऑफ द मैच दिया गया। मैच में मुहम्मद हुसैनी और लोकेंद्र शिवहरे एम्पायर रहे और कमेंट्री मुमताज हाफिज और प्रेमचंद प्रजापति ने की।