सरीला (हमीरपुर)। एसडीएम ने बुधवार को सीएचसी का औचक निरीक्षण किया। जहां 14 कर्मचारी अनुपस्थिति मिले। इनका वेतन रोका गया है। जबकि सीएचसी प्रभारी खेड़ा शिलाजीत गांव स्थित उपकेंद्र का निरीक्षण करने चले गए। एसडीएम ने निरीक्षण आख्या डीएम को भेजी है।
एसडीएम विपिन शिवहरे ने सीएचसी का औचक निरीक्षण किया तो वहां व्यवस्थाओं की पोल खुलकर सामने आ गई। स्वास्थ्य केंद्र के 14 कर्मचारी ड्यूटी से नदारद मिले। एसडीएम ने बताया कि निरीक्षण के दौरान महिला चिकित्सक डॉ. रश्मि खरे, स्टाफ नर्स मोनिका सचान व फार्मासिस्ट अजीत सचान मौजूद मिले।
वहीं, शेष अन्य चिकित्सकों सहित सभी कर्मचारी नदारद पाए गए। मौके पर दो मरीज अस्पताल में मिले, जबकि ओपीडी रजिस्टर में किसी मरीज का नाम दर्ज नहीं मिला। डॉ. रश्मि खरे ने बताया कि लेबर रूम में तीन प्रसव हुए हैं। उनके तीमारदारों ने सही इलाज होने की बात कही है। आयुष्मान कार्ड बनाने का कक्ष बंद मिला।
फार्मासिस्ट ने बताया कि दवाएं पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं। साफ सफाई दुरूस्त पाई गई, निरीक्षण आख्या कार्रवाई के लिए डीएम को भेजी गई है। सीएमओ डॉ. गीतम सिंह ने बताया कि ड्यूटी से नदारद सभी कर्मचारियों का एक दिन का वेतन काटे जाने की कार्यवाही की गई है।