हमीरपुर। डिपो की बसों को अब नए मॉडल से संचालित किया जाएगा। इसके अंतर्गत बसों के समय का निर्धारण किया जा रहा है।
नई प्रक्रिया लागू होने के बाद बसें अपने नियमित समय से ही संचालित की जाएंगी। चालक और परिचालक इसमें मनमानी नहीं कर सकेंगे। एप से यात्री बसों की लोकेशन भी जान सकेंगे।
परिवहन निगम मुख्यालय की ओर से बसों को निर्धारित शेड्यूल के अनुसार चलाने की तैयारी हो रही है। इसके अंतर्गत बसों के चलने का टाइम टेबल पहले तैयार किया जा रहा है। हमीरपुर डिपो में वर्तमान में निगम की 55 बसों का संचालन हो रहा है।
इन सभी बसों के समय का निर्धारण एवं ऑनलाइन करने की प्रक्रिया तेजी से चल रही। इससे यात्री एप से मोबाइल पर लोकेशन ले सकेंगे। जल्द ही यह सुविधा मिलने लगेगी।
सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक आरपी साहू का कहना है कि रूट की लोकेशन फीडिंग समेत अन्य कवायद चल रही है। इसकी मदद से चालकों और परिचालकों की मनमानी पर रोक लगेगी। वह निर्धारित समय और रूट पर चलने में लापरवाही नहीं कर सकेंगे।