राठ। ससुरालियों के साथ इटावा स्थित ईंट भट्टे पर मजदूरी करने गए होमगार्ड के पुत्र की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। परिजनों ने मृतक के ससुरालियों पर ही हत्या का आरोप लगाया। पुलिस से सुनवाई न होने पर रामलीला मैदान के पास शव रखकर करीब एक घंटे तक जाम लगा दिया।
नगर के सिकंदरपुरा मोहल्ला चरखारी रोड निवासी होमगार्ड मोहनलाल अनुरागी ने बताया कि उसके 20 वर्षीय बेटे उमाशंकर को होली पर उसके ससुराल वाले अपने साथ इटावा ईंट भट्टे पर काम के लिए ले गए थे। साथ में बहू सुलोचना व डेढ़ साल की बेटी रानी भी साथ गई थी। होमगार्ड का आरोप है कि सोमवार को पैसों के लेनदेन के आरोप में ससुरालियों ने बेटे को शराब पिलाकर उसके साथ मारपीट की।
इससे उसकी मौत हो गई। देर रात ही सूचना मिलने पर परिजन उमा के शव को इटावा से सिकंदरापुरा लाए। सूचना के बाद भी पुलिस के न पहुंचने पर मंगलवार की सुबह रामलीला मैदान के पास शव रखकर जाम लगा दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
इसके अलावा पत्नी, सास आशा व ससुर बृजकिशोर को लेकर कोतवाली आ गई। पत्नी सुलोचना का कहना है कि अधिक शराब पीने से पति की मौत हुई है। कोतवाल दिनेश सिंह का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत की वजह स्पष्ट होगी।