महोबा। डीएम गजल भारद्वाज की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलक्ट्रेट सभागार में राजस्व कार्यक्रमों की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। उन्होंने सभी एसडीएम को निर्देश दिए कि तीन साल से अधिक पुराने वादों में सुनवाई कर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए। तहसील स्तर पर लंबित पड़े मामलों का जल्द निस्तारण करें।
बैठक में डीएम ने अतिक्रमण, नजूल, संग्रह, पट्टा आवंटन, कब्जा सत्यापन, ऑडिट कार्य, मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना, अमल-दरामद फीडिंग, आय, जाति प्रमाण पत्रों की फीडिंग, जनसूचना अध्यादेश के कार्य, डिजिटल क्रॉप सर्वे, अतिवृष्टि व जलभराव से दैवी आपदा, स्वामित्व योजना व अंश निर्धारण, धारा 24 पत्थर गड्डी आदि की समीक्षा की। कहा कि आदेश होने के 15 दिन के अंदर पत्थर गड्डी हो जानी चाहिए। इस कार्य में लापरवाही करने वाले कर्मचारियों पर विभागीय कार्रवाई की जाए। कहा कि जो भी पत्थर गड्डी लंबित हैं उन्हें बारिश के पहले करवाया जाए। कहा कि लंबित प्रकरणों का समयसीमा में निस्तारण कराया जाए। बैठक में एडीएम राम प्रकाश, एसडीएम सदर जितेंद्र सिंह, एसडीएम कुलपहाड़ अनुराग प्रसाद, एसडीएम चरखारी डॉ. प्रदीप कुमार आदि मौजूद रहे।