हमीरपुर। जिले में आज शनिवार व कल रविवार को उपनिरीक्षक भर्ती परीक्षा चार केंद्रों में होगी। जिन अभ्यर्थियों ने आवेदन के समय आधार नंबर से पंजीकरण नहीं किया है। उन्हें परीक्षा प्रारंभ होने से ढाई घंटे पहले परीक्षा केंद्र पहुंचकर सत्यापन कराना होगा। ऐसे अभ्यर्थियों को अपना अपडेटेड आधार कार्ड साथ लाना अनिवार्य होगा।
उपनिरीक्षक भर्ती परीक्षा को पारदर्शी तरीके से कराने के लिए प्रशासन पूरी तैयारी में जुटा हुआ है। जिला प्रशासन ने परीक्षा केंद्रों पर तैयारियों का जायजा भी लिया और केंद्र व्यवस्थापकों को जरूरी दिशा निर्देश दिए। जिले के राजकीय बालिका इंटर कॉलेज बस स्टॉप, श्री विद्या मंदिर इंटर कॉलेज रमेड़ी, राजकीय महाविद्यालय कुछेछा व श्री राजाराम इंटर कॉलेज झलोखर समेत चार परीक्षा केंद्रों में 3,360 परीक्षार्थी शामिल होंगे। दो पालियों में परीक्षा होगी।
अफसरों ने परीक्षा केंद्रों के आसपास होटल, लॉज व रैन बसेरों में निगरानी बढ़ा दी है। बोर्ड के निर्देशानुसार परीक्षा शुरू होने से आधा घंटा पहले परीक्षा केंद्र के द्वार बंद कर दिए जाएंगे। इसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र के अंदर प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा।
अभ्यर्थी यह सामान न लाएं..
परीक्षा केंद्रों पर पाठ्य सामग्री (मुद्रित या लिखित), इलेक्ट्रॉनिक गैजेट जैसे मोबाइल फोन, स्मार्ट फोन, ब्लूटूथ डिवाइस, हेल्थ बैंड, डिजिटल पेन, मेटा चश्मा, ईयर फोन, पेजर, पेन ड्राइव, कैलकुलेटर, क्रेडिट व डेबिट कार्ड, घड़ी, पर्स, हैंडबैग, टोपी, कागज के ज्यामितीय पेंसिल बॉक्स, प्लास्टिक पाउच, खाने-पीने का सामान, सिगरेट, लाइटर, माचिस गुटखा लाना पूर्ण रूप से वर्जित है। परीक्षा अवधि में अभ्यर्थी के पास ऐसी सामग्री पाए जाने पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
जिले में होने वाली परीक्षाओं को लेकर सारी तैयारियां पूरी कर ली गई। परीक्षा प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी, नकल विहीन एवं शुचितापूर्ण ढंग से कराने के लिए परीक्षा केंद्रों की सीसीटीवी से मॉनिटरिंग के लिए त्रिस्तरीय कंट्रोल एवं कमांड सेंटर व्यवस्था की गई है।
मनोज कुमार गुप्ता- पुलिस उपाधीक्षक (नोडल अधिकारी) हमीरपुर