राठ। एक सप्ताह से हो रही बारिश से जहां एक ओर मौसम में गुलाबी ठंडक देखने को मिली। वहीं लोगों को दुश्वारियों का सामना भी करना पड़ रहा है। जलभराव की समस्या के साथ पेड़ व कच्चे मकान धराशाई होने लगे हैं। रविवार दोपहर तेज बारिश के बीच हमीरपुर मार्ग पर अंबे पैलेस के पास भारी भरकम पेड़ सड़क पर जा गिरा। जिससे मुख्य मार्ग पर आवागमन पूरी तरह ठप हो गया।
बारिश व तेज हवा के बीच राहगीर ठंड में ठिठुरते रहे। करीब एक घंटे बाद जेसीबी मशीन से पेड़ हटाने पर आवागमन शुरू हो पाया। वहीं मझगवां थाने के नौरंगा गांव निवासी धनीराम ने बताया रविवार दोपहर अपने घर में थे। तभी बारिश के चलते अचानक कच्ची दीवार गिरने से पैर जख्मी हो गया। डॉ. अखिलेश कुमार ने बताया ग्रामीण का पैर फैक्चर है। नगर के बजरिया, पठानपुरा सागर तालाब के पास सड़कों पर तालाब जैसा नजारा देखा गया। जिससे गृहस्थी आदि का नुकसान हुआ है। (संवाद)