राठ में सरस्वती शिशु मंदिर में सजी राधा कृष्ण की नयनाभिराम झांकी
- फोटो : अमर उजाला
गुरुवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व होने के चलते बुधवार को बाजार में सजावट के सामानों की जमकर खरीदारी हुई। वहीं मंदिरों को सजाने संवारने का भी काम जारी रहा। मुख्यालय के बलदाऊ मंदिर व पुलिस लाइंस स्थित श्रीकृष्ण मंदिर को आकर्षक ढंग से सजाया गया।
जन्माष्टमी पर्व को दो दिन मनाया जाएगा। ग्रहस्थ गुरुवार को तो वैष्णव शुक्रवार को पर्व मनाने के लिए जुटे हैं। मंदिरों की साफ- सफाई कर बिजली की झालरों के साथ फूल पत्तियों से आकर्षक ढंग से भक्त लोग सजाने में जुटे हैं। मुख्यालय में बलदाऊ मंदिर, पुलिस लाइंस स्थित श्रीकृष्ण मंदिर, महावीर मंदिर स्थित राधाकृष्ण मंदिर समेत अन्य मंदिरों की सजावट को अंतिम रूप दिया गया।
सजावट के सामानों से बाजार में भी दुकानों खूब सजीं हैं। तो लोगों ने सजावट के सामानों की जमकर खरीदारी की और दिन भर मुख्यालय के सुभाष बाजार व किंगरोड स्थित दुकानों में भीड़ रही। पर्व को लेकर फलों के भाव भी आसमान छूने लगे हैं। जन्माष्टमी को लेकर खीरा भी खूब महंगा बिका। शुक्रवार को 40 रुपये प्रति किलो खीरा बिका। हालांकि बीते वर्ष की अपेक्षा इस बार मेवे के दाम सस्ते हैं। सुभाष बाजार में बालाजी किराना स्टोर के मालिक राजीव गुप्ता का कहना है कि इस बार सूखा और बाढ़ का असर साफ दिखाई दे रहा है। महंगाई का ज्यादा असर बाजार में नहीं है पर खरीदार कम हैं।