हमीरपुर। शहर में बीते दिनों हुई घटनाओं को नजर अंदाज कर पुलिस रात में गहरी नींद में सोती है। यहीं कारण है कि मंगलवार की पड़ताल में नगर के सुरक्षा की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थान सूने मिले। 12:30 बजे लक्ष्मीबाई तिराहे में न कोई गश्ती वाहन दिखे और न ही ट्रैफिक पुलिस। शहर में मौजूद लगभग एक दर्जन बैंक व उनके एटीएम अपने यहां लगे सीसीटीवी कैमरों के भरोसे सुरक्षा की गुहार लगाते दिखे।
मुख्यालय की आबादी एक लाख से ऊपर है, यहां रात में केवल चार से छह कर्मियों पर सुरक्षा व्यवस्था टिकी होना सवाल खड़ा करता है। कागजों में ड्यूटी चार्ट पूरा है, मगर सड़कों पर पुलिस नहीं दिखती। संवाद न्यूज एजेंसी टीम ने मंगलवार को नगर की सुरक्षा व्यवस्था की पड़ताल की। इस दौरान जनता की सुरक्षा के दावे पुलिस के सामने आए। संवेदनशील चौराहों-तिराहों के साथ हाईवे से सुरक्षाकर्मी नदारत दिखे। हाईवे पर ट्रक व बाइकें बिना निगरानी दौड़ते नजर आए। एसपी, जिलाधिकारी कार्यालय, बस स्टॉप, कालपी तिराहा, सुभाष बाजार, विद्या मंदिर रोड और अकिल तिराहे पर एक जैसी तस्वीर रही। वीरान सड़कें, टिमटिमाती लाइटें और सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं। पूर्व में नगर में सराफा दुकान में चोरी, एक हत्या व एक एटीएम तोड़ने के प्रयास जैसी घटनाएं हो चुकी हैं।
-
सीन- एक,
समय- रात 12:38 बजे, स्थान- कानपुर-सागर हाईवे।
तिराहे पर ट्रैफिक पुलिस न गश्त
- कानपुर-सागर नेशनल हाइवे स्थित नगर के रानी लक्ष्मीबाई तिराहा शहर का सबसे संवेदनशील मार्ग है। उस समय न ट्रैफिक पुलिस दिखी, न गश्ती वाहन। हाईवे से गुजरते ट्रक और बाइक बिना किसी निगरानी के दौड़ते रहे। ऐसे में हादसा या वारदात होने पर आरोपी को पकड़ना मुश्किल होगा।
सीन-दो,
समय- रात 12:55 बजे, स्थान: सदर कोतवाली।
महिला पुलिस कर्मी ड्यूटी पर नहीं..
- सदर कोतवाली के बरामदे में एकमात्र गार्ड ड्यूटी पर मिला। अंदर दो सिपाही कंप्यूटर पर काम करते दिखे। शेष परिसर खाली पड़ा था। हथियार कक्ष बंद मिला। पूछताछ में मुंशी राजेंद्र सिंह ने बताया रात में अधिकारी उपनिरीक्षक संतोष मिश्रा हैं। कोतवाली में कोई महिला पुलिसकर्मी ड्यूटी पर नहीं मिली, जबकि यह थाने की बेसिक अनिवार्यता है।
सीन-तीन,
समय- रात 1:05 बजे, स्थान : सुभाष बाजार।
सुभाष बाजार में भी पेट्रोलिंग नहीं
- सुभाष बाजार में महावीर मंदिर के पास एक 112 स्कॉर्पियो खड़ी मिली। पास की बंद दुकान के बाहर तीन पुलिसकर्मी बैठे मोबाइल चलाते नजर आए। बुधवार सुबह एक दुकानदार ने नाम न प्रकाशित करने की शर्त पर कहा कि रात में इसी प्रकार ड्यूटी होती है और आसपास घटनाएं हो जाती हैं। पुलिस को तभी पता चलता है जब घटना हो जाती है। कोई पेट्रोलिंग नहीं दिखती।
बैंक और एटीएम भी राम भरोसे
- इसी प्रकार विद्या मंदिर रोड से आखिल तिराहे के बीच बने इंडियन ओवरसीज, एचडीएफसी, आईसीआईसीआई, इंडियन बैंक, बैंक ऑफ इंडिया के बैंक व सभी के एटीएम हैं, लेकिन रात्रि में वहां कोई सिक्योरिटी गार्ड, पिकेट या होमगार्ड नहीं मिला। एक युवक नशे में टहलता देखा गया जो फ़ोन में किसी से बात करता नजर आया। लेकिन पूछने वाला कोई नहीं नजर आया। बस स्टैंड के पास तीन लोग फुटपाथ पर आग तापते दिखे और सिर्फ एक होमगार्ड लक्ष्मण ड्यूटी में देखा गया।
-
पुरानी घटनाओं पर एक नजर
- 26 दिसंबर 2022 की रात सदर कोतवाली से महज 300 मीटर की दूरी पर सूफीगंज चौराहा स्थित अली ब्रदर्स एंड संस ज्वेलर्स में पांच नकाबपोशों ने दो चौकीदारों को बंधक बनाकर 20 लाख के गहने लूटे थे। पुलिस को भनक तक नहीं लगी।
- 24 मार्च 2025 को एसपी आवास से कुछ दूरी पर एक्सिस बैंक एटीएम में वॉल्ट तोड़ने की कोशिश हुई थी। सीसीटीवी में चेहरा दिखा, पर गश्त टीम मौके पर नहीं पहुंची। इसी साल मार्च में चौरा देवी इलाके से बोलेरो कार चोरी हुई थी, उसी रात 112 की बाइक पेट्रोलिंग उसी रास्ते से गुजरी, लेकिन किसी ने पूछताछ तक नहीं की।
बोले जिम्मेदार
- रात में गश्त और एटीएम सुरक्षा पुलिस की जिम्मेदारी है। सीओ से रिपोर्ट लेकर ड्यूटी रूट चार्ट साझा करवाया जाएगा। ताकि जिम्मेदारी तय हो सके। जो जानकारी आपने दी हैं उस पर जांच कर कार्रवाई कराई जाएगी।
- डॉ. दीक्षा शर्मा, एसपी।
- रात में अधिकारी उपनिरीक्षक संतोष मिश्रा थे। सेकेंड में सब इंस्पेक्टर सुरेंद्र कुमार, कांस्टेबल आशीष और हरिश्चंद्र थे। सुभाष बाजार में ज्वेलरी दुकानों के पास पूर्व में घटनाओं को देखते हुए वहां दो सिपाहियों की ड्यूटी लगती है। कोबरा मोबाइल में सिपाही तनवीर और बस स्टैंड पर होमगार्ड लक्ष्मण ड्यूटी में थे। कोतवाली नगर क्षेत्र में कुल छह वाहन हैं, तीन फोर व्हीलर और तीन टू व्हीलर। जितना फोर्स है, उसी हिसाब से डिवीजन तय किया गया है।
- राजेश कमल, सीओ सदर।
फोटो 29 एचएएमपी 16= शहर के विद्या मंदिर रोड स्थित सूना पड़ा इंडियन बैंक का एटीएम। संवाद
फोटो 29 एचएएमपी 16= शहर के विद्या मंदिर रोड स्थित सूना पड़ा इंडियन बैंक का एटीएम। संवाद
फोटो 29 एचएएमपी 16= शहर के विद्या मंदिर रोड स्थित सूना पड़ा इंडियन बैंक का एटीएम। संवाद
फोटो 29 एचएएमपी 16= शहर के विद्या मंदिर रोड स्थित सूना पड़ा इंडियन बैंक का एटीएम। संवाद
फोटो 29 एचएएमपी 16= शहर के विद्या मंदिर रोड स्थित सूना पड़ा इंडियन बैंक का एटीएम। संवाद