फोटो- 11 एचएएमपी 12- मौदहा की गल्ला मंडी स्थित बिजली विभाग के एसडीओ आरके वर्मा का सरकारी आवास।
मौदहा (हमीरपुर)। घाटमपुर में नवजात बच्चा चोरी कराने की साजिश के आरोप में गिरफ्तार मौदहा एसडीओ आरके वर्मा का निलंबन जल्द हो सकता है। अधीक्षण अभियंता ज्ञान सिंह यादव ने बताया कि एसडीओ के निलंबन के लिए एमडी दक्षिणांचल को पत्र भेजा गया है। कोर्ट के आदेश की प्रति मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल विभागीय जांच के आदेश नहीं हुए हैं। इस बीच मौदहा विद्युत उपखंड का अतिरिक्त प्रभार सुमेरपुर के एसडीओ महेंद्र प्रताप को सौंपा गया है।
कानपुर की घाटमपुर पुलिस के अनुसार 10 मई की रात सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में एएनएम गीता ने नवजात बच्चे की चोरी का प्रयास किया था। अस्पताल कर्मचारियों ने उसे पकड़ लिया था। पुलिस के अनुसार विवेचना के दौरान एसडीओ आरके वर्मा का नाम सामने आया था। बाद में एएनएम और एसडीओ के बीच हुई बातचीत की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) निकलवाकर जांच की गई। पुलिस का दावा है कि इसमें दोनों के बीच संपर्क सामने आया। पुलिस के अनुसार एसडीओ ने एएनएम को पांच लाख रुपये का लालच देकर नवजात बच्चे की चोरी कराने की साजिश रची थी।
पुलिस ने रविवार को एसडीओ को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जहां से उन्हें सात दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। थाना प्रभारी के अनुसार गिरफ्तारी की सूचना बिजली निगम को फोन पर संपर्क न होने पर व्हाट्सएप के माध्यम से दी गई थी।
करीब 10 महीने से थे मौदहा में तैनात
अधीक्षण अभियंता ज्ञान सिंह यादव ने बताया कि आरके वर्मा करीब 10 महीने से मौदहा में एसडीओ के पद पर तैनात थे। इस दौरान उनके खिलाफ कोई शिकायत नहीं मिली। बताया कि करीब पांच दिन पहले भी एसडीओ से काम के सिलसिले में बातचीत हुई थी। उनके अनुसार वर्मा काम के प्रति गंभीर थे।