हमीरपुर। जिला कारागार में हत्या के मामले उम्रकैद की सजा काट रहे कैदी की मौत हो गई। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है।
कुरारा थानाक्षेत्र के कुसमरा गांव निवासी राकेश पाल (30) मार्च 2024 से जिला कारागार में हत्या में दोषी पाए जाने पर उम्रकैद की सजा काट रहा था। जेल अधीक्षक मंजीव विश्वकर्मा ने बताया कि मंगलवार की शाम अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई। जिस पर उसे कारागार से जिला अस्पताल भेजा गया। यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जेल प्रशासन की सूचना पर जिला अस्पताल पहुंचे परिजनों ने सिर व दाईं आंख के ऊपर चोट के निशान होने की बात कह मारपीट के बाद हत्या की आशंका जताई है। भाई उदयभान व पिता बब्बू पाल ने बताया कि मंगलवार सुबह 10 बजे जेल के फोन से उसने बात की थी। तब उसने किसी भी प्रकार की कोई दिक्कत न होने की बात कही। बताया कि दो-तीन दिन पहले वह मिलाई करने भी गया था। उसे किसी प्रकार की कोई बीमारी नहीं थी। वह इसकी शिकायत उच्चाधिकारियों से कर जांच की मांग करेंगे।
जेल अधीक्षक मंजीव विश्वकर्मा ने बताया कि कैदी के शव का तीन डॉक्टरों के पैनल ने वीडियोग्र्राफी के बीच पोस्टमार्टम किया। इनमें डॉ. शशांक, डाॅ. अमित व डॉ. पुष्पेंद्र शामिल रहे। रिपोर्ट के अनुसार कैदी की मौत हृदय गति रुकने से होना पाया गया।
मामा की हत्या में काट रहा था सजा
- राकेश वर्ष 2011 में अपनी नानी के तेरहवीं संस्कार में बिवांर थानाक्षेत्र के भुगैचा गांव गया था। जहां उसका मौसा बांदा जनपद के जसपुरा थानातंर्गत गौरी ऊपर गांव निवासी चुन्नू भी मौजूद था। राकेश ने मौसा के सहयोग से अपने मामा की गोली मारकर हत्या कर दी। जिस पर अदालत ने वर्ष 2024 में दोनों को उम्रकैद सुनाई थी।