मुस्करा (हमीरपुर)। पेट्रोल पंप से ड्यूटी कर घर लौट रहे कर्मचारी को रास्ता पूछने के बहाने बाइक सवार पांच लोगों ने रोक लिया। आरोप है कि पांचों ने मारपीट कर उसकी जेब में रखे रुपये, मोबाइल फोन और बाइक की चाबी छीन ली। पीड़ित ने बुधवार को थाने पहुंचकर घटना की जानकारी दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
विज्ञापन
थानाक्षेत्र के ऐंझी गांव निवासी भारत सिंह कस्बे के दाऊ फीलिंग स्टेशन पर पिछले चार वर्षों से कर्मचारी हैं। उन्होंने बताया कि मंगलवार रात करीब नौ बजे पेट्रोल पंप से काम खत्म करने के बाद बाइक से गांव जा रहे थे। मुस्करा-चरखारी मार्ग पर ऐंझी गांव से पहले दो मोटरसाइकिलों पर सवार पांच अज्ञात लोगों ने चरखारी जाने का रास्ता पूछने के बहाने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि बाइक में लात मारकर उन्हें गिरा दिया और उनके साथ मारपीट की। इसके बाद जेब में रखे 2300 रुपये, मोबाइल फोन और बाइक की चाबी छीनकर भाग गए। थानाध्यक्ष कौशल सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।