-बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर काल बना तेज रफ्तार लोडर, ऑटो के उड़े परखचे,
संवाद न्यूज एजेंसी
मौदहा (हमीरपुर)। बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे पर गुरुवार की शाम रफ्तार का कहर देखने को मिला। एक अनियंत्रित लोडर ने सवारी ऑटो में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। जिससे ऑटो सवार एक पेश इमाम की मौत हो गई, जबकि दो मासूम बच्चों और तीन महिलाओं समेत सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है। हादसे में घायल एक महिला की हालत नाजुक बताई जा रही है।
मौदहा कोतवाली क्षेत्र के गांव मदारपुर निवासी नसीर खां (75) गांव निवासी कुछ लोगों के साथ गुरुवार सुबह राठ कस्बा स्थित मान खां बाबा की मजार पर जियारत करने गए थे। टोली में महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे। दिन भर इबादत और दर्शन के बाद शाम को सभी लोग सीएनजी ऑटो में सवार होकर वापस अपने गांव मदारपुर लौट रहे थे।
ऑटो शाम करीब 6 बजे जैसे ही बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे पर ग्योंड़ी गांव के नजदीक पहुंचा, तभी पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार अनियंत्रित लोडर ने ऑटो में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। जिससे ऑटो बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार सभी लोग लहूलुहान होकर सड़क पर जा गिरे। चीख-पुकार सुनकर राहगीर और आसपास के ग्रामीण मौके पर दौड़े और पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को मौदहा कस्बे के सीएचसी भेजा।
जहां डॉक्टरों ने पेश इमाम नसीर खां 75 को मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर लगते ही परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं अन्य घायल तुजर्रत (30) पत्नी नईम, आसिफ खान (25), सबनम (38),खुदैजा (45), अमन (16),आयशा (8) पुत्री शहजाद खान, नूरबानो 36पत्नी शहजाद समेत सात लोग घायल हो गए। थाना पुलिस मामले की जांच कर टक्कर मारकर फरार हुए लोडर की तलाश कर रही है।