- दो दिन तक घर में रखा रहा शव, शनिवार को बिना पोस्टमार्टम कराया गया अंतिम संस्कार
संवाद न्यूज एजेंसी
गहरौली (हमीरपुर)। करवा चौथ के दिन पत्नी के साथ पूजा-अर्चना करने के बाद युवक ने देर रात फंदा लगाकर जान दे दी। परिजनों के इंतजार में शव दो दिन तक घर में रखा रहा। शनिवार को परिजनों ने बिना पोस्टमार्टम कराए ही अंतिम संस्कार कर दिया।
मुस्करा थाना क्षेत्र के गहरौली निवासी राम सिंह (35) पुत्र महेश्वरी ने बृहस्पतिवार को पत्नी रचना के साथ करवा चौथ का पर्व मनाया था। बताया जाता है कि दोनों ने साथ में पूजा-अर्चना की थी। देर रात किसी बात को लेकर राम सिंह ने घर के अंदर पंखे के सहारे रस्सी से फंदा लगा लिया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा भरने की कार्रवाई की। परिजनों के अनुसार, बाहर रह रहे रिश्तेदारों के आने का इंतजार था। इस कारण शव दो दिन तक घर में रखा रहा। शनिवार को परिजनों ने बिना पोस्टमार्टम कराए ही अंतिम संस्कार कर दिया। मृतक अपने पीछे पत्नी रचना, दो बेटियां रश्मि (8) व रेखा (5) को छोड़ गया है। इंचार्ज थाना प्रभारी उपनिरीक्षक सुधीर चौरसिया ने बताया कि परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इन्कार कर दिया था। इसी वजह से पोस्टमार्टम नहीं कराया गया। उन्होंने बताया कि मृतक शराब का आदी था। इसी के चलते आत्महत्या किए जाने की बात सामने आई है। मामले में कोई शिकायती पत्र मिलता है तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी।