बैंक मे सीसीटीवी मानीटर में फुटेज देखते कोतवाल व पीड़िता।
- फोटो : amar ujala
नगर के स्टेट बैंक में रुपया निक ाल कर निकली अध्यापिका के बैग में चीरा लगा टप्पेबाजों ने 51 हजार की नकदी पार कर दी। कोतवाली पुलिस घटना की जांच पड़ताल कर रही है।
नगर के मराठीपुरा निवासी गायत्री गुप्ता पत्नी राजकुमार प्राथमिक विद्यालय मवई (महोबा) में तैनात है। गुरुवार को तीन बजे वह अपने ससुर के दिए गए 51 हजार के चेक का भुगतान लेने गई थी। उसने बैंक के काउंटर से 51 हजार रुपये ले अपने बैग में रखे। टप्पेबाज ने बैग में चीरा लगा रुपया पार कर दिया।
जिसका एहसास होते ही अध्यापिका ने शोर मचाया, लेकिन तब तक टप्पेबाज बैंक से रफूचक्कर हो गया। लोग जब तक उसका पीछा करते वह नजरों से ओझल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी प्रमेंद्र कुमार सिंह ने दल बल सहित स्टेट बैंक पहुंच पीड़ित अध्यापिका से पूछताछ कर घटना की जांच पड़ताल शुरू कर दी है। कोतवाली प्रभारी का कहना है कि बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरे से घटना के समय के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। उन्होंने आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी करने का दावा किया है।