मौदहा (हमीरपुर) । क्षेत्र में घूम रहे अन्ना मवेशी किसानों की फसलें बर्बाद कर रहे हैं। भारतीय किसान यूनियन के आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने तहसील में सीडीओ अरुण कुमार सिंह को ज्ञापन सौंपकर मवेशियों से निजात दिलाने की मांग की है।
ज्ञापन में बताया कि क्षेत्र के सिजनौडा, भैंस्ता, उरदना, करहिया, टिकरी, कुन्हेटा, चकदहा व बिगहना सहित कई गांवों में सैकड़ों अन्ना मवेशी फसलें बर्बाद कर देते हैं। यूनियन के जिला अध्यक्ष शिवपूजन निषाद के नेतृत्व में शनिवार को दर्जनों कार्यकर्ताओं ने ज्ञापन दिया। पूर्व में भी इसी मांग पर ज्ञापन सौंपा गया था लेकिन प्रशासन ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया। निषाद ने कहा कि अधिकारी केवल आश्वासन देकर गुमराह कर रहे हैं। यदि जल्द कार्रवाई न हुई तो यूनियन धरना-प्रदर्शन के लिए बाध्य होगी। मौके पर रज्जू कुशवाहा, लल्लू सिंह, राम अवतार, प्रेम बाबू, अवधेश त्रिपाठी, बृजभूषण समेत कई कार्यकर्ता शामिल रहे।