राठ कस्बे के पठानपुरा में घर के अंदर बंधा बारहसिंगा।
- फोटो : HAMIRPUR
राठ (हमीरपुर)। जंगल से भटका एक बारहसिंघा हिरण नगर के पठानपुरा मोहल्ले में पहुंच गया। मोहल्ले के लोगों ने उसे पकड़ कर वन विभाग के हवाले किया है।
पठानपुरा निवासी राजेंद्र सिंह यादव ने बताया बुधवार सुबह करीब 11 बजे एक बारहसिंघा भटककर बस्ती में आ गया था। कुत्तों के खदेड़ने पर बारहसिंघा उनके मकान में घुस आया। बस्ती में बारहसिंघा के पहुंचने की सूचना पर लोगों की भीड़ लग गई। मोहल्ले के लोगों ने किसी तरह उसे पकड़कर रस्सी से बांध दिया। सूचना पर पहुंचे वन विभाग के कर्मचारी उसे ले गए। इससे पहले भी नगर में हिरण के आने की घटनाएं हो चुकीं हैं।
वन क्षेत्राधिकारी आरवी कैथल ने बताया मझगवां व रामगण के जंगलों में बारहसिंघा काफी संख्या में हैं। इन्हें चीतल भी कहते हैं। भटकते हुए ये बस्ती में पहुंच जाते हैं। उन्होंने कहा राठ के पठानपुरा से पकड़े गए बारहसिंघा को रामगण के जंगलों में छोड़ दिया है। (संवाद)