भरुआसुमेरपुर। मौरंग खाली कर मोराकांदर जा रहे ट्रैक्टर चालक से मंगलवार शाम बांकी मार्ग पर शहीद पार्क के पास करीब छह युवकों ने मारपीट कर दस हजार रुपये व मोबाइल छीन लिए। पीड़ित चालक ने थाने पहुंचकर तहरीर दी, मगर उसे टरका दिया गया। शाम करीब 7 बजे ललपुरा के मोराकांदर गांव का निवासी प्रदीप कुमार अपने साथी मोहित, निखिल व अजय कुमार के साथ कस्बे में मौरंग खाली करने आए थे। लौटते समय बांकी मार्ग पर शहीद पार्क के पास उन्हें आधा दर्जन युवकों ने रोका। ट्रैक्टर खड़ा करते ही युवकों ने चालक को पीटना शुरू कर दिया।
मारपीट होते देख उसके साथी भाग खड़े हुए। चालक का आरोप है युवक दस हजार रुपये व मोबाइल छीनकर भागे हैं। उसने रात में ही थाने पहुंचकर घटना की तहरीर दी, लेकिन पुलिस ने सुबह आने की बात कहकर टरका दिया। प्रभारी थानाध्यक्ष प्रमोद त्रिपाठी ने बताया तहरीर मिली है। घटना की जांच कराई जा रही है। दो युवकों के नाम ट्रैक्टर चालक द्वारा बताए जा रहे हैं। उनकी तलाश की जा रही है। गिरफ्तारी के बाद ही पता चलेगा कि घटना लूट की या मारपीट की। बतादें बांकी मार्ग पर शाम होते ही अराजकतत्वों का अड्डा बन जाता है। शहीद पार्क से लेकर जल संस्थान के नलकूप तक युवकों का जमावड़ा लगा रहता है। पुलिस गश्त न होने से युवकों के हौसले बुलंद हैं। पहले भी कई घटनाएं हुई है। (संवाद)ी है। (संवाद)