मौदहा एसडीएम अजीत परेश को ज्ञापन देते अधिवक्ता।
- फोटो : HAMIRPUR
मौदहा। तहसील मार्ग पर एक होटल में अधिवक्ता व व्यापार प्रतिनिधि मंडल के जिलाध्यक्ष के बीच किसी मामले को लेकर विवाद हो गया। इस घटना को लेकर अधिवक्ता ने सीओ को अवगत कराया। आरोप है कि सीओ ने उनके साथ अभद्रता करते हुए कार्यालय से भगा दिया। नाराज अधिवक्ताओं ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर मामले की जांच कराने के साथ सीओ के स्थानांतरण की मांग की है। कार्रवाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी। उधर व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष ने भी अधिकारियों को अवगत कराते हुए कोतवाली में तहरीर दी।
अधिवक्ता मो. हनीफ ने पुलिस को दी तहरीर में बताया सोमवार तहसील से कुछ अधिवक्ता पास के एक होटल में चाय पीने गए थे। तभी कस्बे के हुसैनगंज निवासी मोहम्मद फरीद व मुख्तार अहमद उर्फ लाला दो लोगों के साथ वहां आया और उस पर हमला कर दिया। उसकी जेब से दस हजार रुपये भी निकल लिए। मौजूद वकीलों ने बीच बचाव किया। उक्त लोग जान से मारने की धमकी भी दी। अधिवक्ता ने आरोप लगाया हुसैनिया निवासी मो. जावेद के पुत्र का अधिवक्ता है, जिसकी वजह से उक्त लोग उसे जान से मारने के प्रयास में है।
उधर उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष मो. फरीद ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया व्यापारिक कार्य से कबरई जाने के लिए तहसील गेट के पास होटल में अपने साथी का इंतजार कर रहा था। तभी अधिवक्ता मो. हनीफ, जावेद व दो अन्य लोग आकर अभद्रता करने लगे और वकील होने की धौंस दिखाते हुए गालीगलौज कर मारपीट की। सोने की अंगूठी व चेन तथा पांच हजार रुपये ले गए।
इस संबंध में उपजिलाधिकारी अजीत परेश ने अधिवक्ताओं का ज्ञापन लेकर मामले की जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया। वहीं क्षेत्राधिकारी सौम्या पांडेय ने कहा की उनके कार्यालय कुछ अधिवक्ता आए थे। उन्होंने मो. हनीफ का प्रार्थना पत्र लेने के साथ ही जांचकर कार्रवाई के लिए निर्देशित किया है।