हमीरपुर। हमीरपुर जिला में कोरोना संक्रमण से बचाव के चलते हुए डॉ. राधाकृष्णन मेडिकल कॉलेज सहित जिला के सभी अस्पतालों में ओपीडी सेवाएं बंद कर दी गई हैं। इसके साथ ही इन सभी अस्पतालों में अब आगामी आदेशों तक 24 घंटे आपात सेवाएं जारी रहेंगी। मरीजों की संख्या तथा सोशल डिस्टेंसिंग के नियम का पालन करने के लिए यह सेवाएं बंद की गई हैं। इसके साथ ही हमीरपुर में 136 लोगों को निगरानी में रखा गया, जिनमें 22 लोग 28 दिन की अवधि पूरा कर चुके हैं तथा 114 लोग अभी भी स्वास्थ्य विभाग की निगरानी में हैं।
वहीं हमीरपुर जिला से सटे कांगड़ा, मंडी, बिलासपुर और ऊना जिला की सभी सीमाएं बंद कर दी गई हैं। जिला के प्रवेश द्वारों पर पुलिस का कड़ा पहरा है। कोई भी व्यक्ति बिना ठोस कारण के जिला में प्रवेश नहीं कर सकेगा। इसके साथ ही जनता कर्फ्यू के बाद दूसरे दिन सोमवार को भी जिला में बंद का व्यापक असर दिखा। जिला में सभी एचआरटीसी और निजी बसें तथा टैक्सियां व ऑटो रिक्शा सेवाएं बंद रहीं। जिला के तमाम शहरों, कस्बों व गांवों में करियाना, दवाई, दूध के अलावा सभी दुकानें बंद रहीं। सड़कों पर लोगों व वाहनों की आवाजाही न के बराबर हो गई है। चोरों तरफ सन्नाटा पसरा हुआ है। उधर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अर्चना सोनी ने बताया कि हमीरपुर जिला में कोरोना संक्रमण के चलते सभी अस्पतालों में ओपीडी बंद कर दी गई हैं। उन्होंने बताया कि ऐसा कदम मरीजों की संख्या को देखते हुए उठाया गया है। सभी अस्पतालों में मरीजों की सुविधा के लिए आपात नंबर जारी किए गए हैं तथा मरीज वहां उपस्थित स्टाफ से किसी भी प्रकार की जानकारी ले सकता है।