झांसी के राजघाट से निकली बेतवा नहर की (हमीरपुर शाखा) में पानी न आने से किसान परेशान हैं। क्षेत्र की सभी माइनरें सूखी पड़ी हैं। किसानों को पलेवा की चिंता सता रही है। उन्हाेंने आरोप लगाया कि जालौन जिले के कदौरा के किसानों ने पानी रोक लिया है। जल्द पानी छोड़े जाने की मांग की है।
क्षेत्र में कम बारिश होने के कारण खेत परती पड़े हैं। बेतवा नहर से पानी मिलने से किसान आसानी से पलेवा कर फसलों की सिंचाई कर लेते हैं, लेकिन इस बार हमीरपुर शाखा का पानी जनपद जालौन के विकासखंड कदौरा तक ही आ सका है। कदौरा क्षेत्र के किसान नहर में आड़ा लगाकर पूरा पानी रोके हैं।
जबकि कुरारा विकासखंड मेें फैली बेतवा नहर की हमीरपुर शाखा सूखी पड़ी है। इससे क्षेत्र में भैंसापाली रजवाहा से देवीगंज, जखेला, कुशौलीपुरवा, डामर, गुलाबगंज, मलहरा, पारा, जल्ला, चकोठी, रिठारी, झलोखर, पतारा सहित अन्य गांवों के किसान सिंचाई करते हैं।
वहीं शिवनी रजवहा से सरसई, टोडरपुर, शिवनी कुतुबपुर, मंगलपुर, बरुआ, बिलौटा, रघवा, शेखूपुर, शंकरपुर आदि गांवों को पानी मिलता है। क्षेत्र में राजकीय नलकूपों की संख्या 145 है। लेकिन अभी तक ज्यादातर नलकूप चल नहीं पाए हैं। वहीं एक दर्जन नलकूप फेल हो चुके हैं। ऐसे में किसान खेतों की सिंचाई नहीं कर पा रहे हैं।
जल्ला के निकट से निकली बेतवा माइनर से लगे खेत के मालिक सुभाष श्रीवास्तव निवासी पारा ने कहा कि अगर नहर में पानी आया तो खेत की बुआई कर लेंगे। आसपास कोई प्राइवेट नलकूप भी नहीं है। इसी तरह जखेला के अजीत यादव ने बताया कि भैंसापाली रजवाहा में हर साल अब तक पानी आ जाता था लेकिन इस बार नहर में सिर्फ उदनपुर तक ही पानी आ सका है। नहर विभाग के अभियंता माइनरों में डाले गए आड़े खुलवाएं तो पानी आ जाएगा।
इसके लिए वह लोग कई बार प्रयास कर चुके हैं, लेकिन वहां के किसान लड़ाई झगड़े पर आमादा हो जाते हैं। इधर पंचायत चुनाव में अभियंताओं की ड्यूटी लगा दी गई है। ऐसे में अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। जिले में सिंचाई विभाग के नोडल/ मौदहा डैम के अधिशाषी अभियंता एसके पांडेय ने बताया कि राजघाट बांध में पर्याप्त पानी है। कुरारा क्षेत्र क ो भी पानी मिलेगा। अभी जनपद जालौन की सीमा तक नहर में पानी आ रहा है।