गहरौली (हमीरपुर)। गांव से चरखारी मार्ग पर बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के निर्माण के बाद से हुई जलभराव की समस्या परेशानी का कारण बनी हुई है। इसमें एक बार फिर रोडवेज की बस फंस गई और यात्रियों को परेशान होना पड़ा।
शनिवार की शाम को एक बस मथुरा से गहरौली होकर महोबा डिपो जा रही थी, तभी वह गिट्टी से बचकर निकलने की कोशिश में दलदल वाले क्षेत्र में फंस गई। चालक धीरज और परिचालक अंकित चौहान ने बस को निकालने की कोशिश की लेकिन सफल नहीं हुए। बस के फंसे होने की वजह से वहां वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। जाम लगने लगा तो वाहन चालकों ने रूट बदल लिया। रविवार दोपहर तक बड़े वाहन दूसरे मार्ग से होकर निकले। इस दौरान राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। चालक धीरज ने बताया कि पड़ोस के गांव पुन्निया से जेसीबी मंगवाकर जैसे तैसे बस निकलवाई गई। 20 घंटे बाद सड़क की यातायात व्यवस्था पटरी पर आई।