भरुआसुमेरपुर (हमीरपुर)। कस्बे के अखंड परमधाम ठंडेश्वरी आश्रम में पधारे श्री राम मंदिर निर्माण समिति के ट्रस्टी महामंडलेश्वर स्वामी परमानंद गिरि महाराज ने कहा कि कम से कम 10 वर्ष भारत को भाजपा जैसे राष्ट्रवादी दल का नेतृत्व जरूरी है। राष्ट्र का स्वाभिमान हम सभी के लिए सर्वोपरि होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि चुनाव में किसको टिकट मिला किसको नहीं मिला आदि तमाम बातें और निजी स्वार्थ भूलकर देश के हित के लिए सहयोग करना चाहिए। हमें व्यक्तिगत मान अपमान को दरकिनार कर एकता के सूत्र में बंध जाना चाहिए। तभी इस देश का भला हो सकता है। अभी भी लोग कहते हैं कि 20 साल बाद देखा जाएगा। मोदी-योगी के बाद समझा जाएगा, ऐसी मानसिकता वालों से हिंदुओं को सावधान होना जरूरी है। यदि हम व्यक्तिगत स्वार्थ के लिए भटक गए तो देश समाज का भला नहीं हो सकेगा। उन्होंने कहा कि जो राम मंदिर के पक्षधर हैं। ऐसे मुस्लिमों का भी हमने चुनाव में सहयोग किया है। यदि हिंदु एकता के सूत्र में नहीं बंधते हैं तो भविष्य में कश्मीर जैसी कई कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है। इस अवसर पर डॉ. मनोज प्रजापति, महामंडलेश्वर स्वामी ज्योतिर्मयानंद महाराज, स्वामी सत्यप्रकाश, स्वामी ओमानंद, भाजपा नेता राजीव शुक्ला, बब्बू दीक्षित, प्राचार्य डॉ. अनिल पांडेय. शिव सिंह, राजाबाबू तिवारी आदि मौजूद रहे।