फोटो- 19 एचएएमपी 13- दीवान शहीद बाबा मुहल्ले में बारिश से गिरा घर। संवाद
मौदहा (हमीरपुर)। तीन-चार दिनों से हो रही बारिश के चलते कच्चे मकानों के ढहने का सिलसिला जारी है। बुधवार सुबह तेज बारिश के दौरान मोहल्ला बाघू दीवान शहीद बाबा निवासी किसान हबीबुर्रहमान पुत्र मोहम्मद सुलेमान का कच्चा मकान ढह गया। हादसे में गृहस्वामी के पैर में चोट आई है।
हबीबुर्रहमान ने बताया कि बारिश के दौरान मकान के चारों तरफ पानी भर गया था। वह किसी तरह मकान से बाहर निकला ही था कि कुछ देर बाद पूरा मकान भरभराकर गिर गया। पीड़ित के अनुसार मकान के मलबे में दबने से गृहस्थी का लाखों रुपये का सामान क्षतिग्रस्त हो गया। उसने प्रशासन से मौके का निरीक्षण कराकर आर्थिक सहायता दिलाए जाने की मांग की है।
इससे पहले मंगलवार शाम मकराव निवासी श्याम बहादुर का कच्चा मकान भरभराकर गिर गया था। कोई जन हानि तो नहीं हुई लेकिन गृहस्थी का समान दब कर बर्बाद हो गया है। लेखपाल अवनीश कुमार ने बताया कि मौके पर पहुंचकर निरीक्षण करेंगे। नुकसान का आकलन कर रिपोर्ट तहसील प्रशासन को भेजी जाएगी।