कुरारा (हमीरपुर)। बेरी मार्ग पर रिठारी गांव के पास मंगलवार रात बाइक अनियंत्रित होकर पुलिया से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार युवक सड़क किनारे पानी से भरे गड्ढे में जा गिरा। डूबने से उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान कानपुर देहात के मूसानगर थाना क्षेत्र के कमंडलपुर गांव निवासी रघुनाथ के बेटे विमल (32) रूप में हुई है।
विमल मंगलवार को ससुराल रिठारी आया था। वह चचिया ससुर लाली निवासी चकोठी से मिलने गया था। रात करीब साढ़े आठ बजे चकोठी से रिठारी लौटते समय बाइक अनियंत्रित हो गई और गांव के पास पुलिया से टकरा गई। टक्कर के बाद वह सड़क किनारे पानी से भरे गड्ढे में गिर गया। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने उसे गड्ढे से बाहर निकालकर सीएचसी पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रिंस दीक्षित ने बताया कि मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
चार साल पहले हुई थी शादी
विमल की शादी को चार वर्ष हुए थे। उसकी एक मासूम पुत्री है। उसकी मौत की खबर मिलते ही पत्नी और परिजन पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। घर में जहां कुछ देर पहले तक उसके लौटने का इंतजार हो रहा था। वहीं उसकी माैत की खबर मिलते ही मातम छा गया। पत्नी और परिजन रो-रोकर बेहाल रहे।