गहरौली (हमीरपुर)। हमीरपुर-राठ हाईवे पर चिल्ली गांव के पास तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर गड्ढे में जा गिरी। इससे बाइक पर सवार दो चचेरे भाई घायल हो गए। एक भाई हिम्मत जुटाकर दूसरे को इलाज के लिए सीएचसी मुस्करा ले गया। वहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना पर अस्पताल पहुंचे परिजन बिना पोस्टमार्टम कराए ही शव को घर लेकर चले गए।
जलालपुर थानाक्षेत्र के इकबरपुर डेरा निवासी राहुल यादव (27) पारिवारिक भाई पुष्पेंद्र यादव (32) के साथ बाइक से हमीरपुर गया था। वहां से लौटते समय चिल्ली गांव के पास बाइक असंतुलित होकर सड़क के किनारे खड्ड में जाकर पलट गई। हादसे में दोनों घायल हो गए। पुष्पेंद्र गंभीर रूप से घायसल राहुल को किसी तरह सीएचसी ले गया।
वहां इमरजेंसी में मौजूद चिकित्सक डॉ. शिवजी गुप्त ने राहुल को मृत घोषित कर दिया। राहुल पिता के साथ खेती करता था। हादसे के वक्त राहुल ही बाइक चला रहा था, उसने हेलमेट नहीं लगा रखा था। डॉक्टर के मुताबिक सिर पर चोट लगने आने से राहुल की मौत हुई है। अगर वह हेलमेट लगाए होता, तो शायद जान बच जाती।