हमीरपुर। जनपद में संचालित आंगनबाड़ी केंद्रों में सर्वाधिक सरीला ब्लॉक में 61 कुपोषित बच्चे हैं। जिनमें अति कुपोषित 10 बच्चों को पोषण पुनर्वास केंद्र में भर्ती कराया गया है। जबकि आठ बच्चे प्रतीक्षारत हैं।
जिला कार्यक्रम अधिकारी शैलेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि शुक्रवार को जनपद के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में पंजीकृत कुल 110116 बच्चों में 108634 बच्चों की जांच व वजन की माप की गई। जिसमें 178 बच्चे अतिकुपोषित पाए गए हैं। जिसमें कुरारा में 10, सुमेरपुर में 25, मौदहा 18, गोहांड 14, मुस्करा 21, राठ 12, सरीला 61 व शहर में 17 बच्चे अतिकुपोषित पाए गए हैं। जिनमें दस बच्चों को जिला अस्पताल में बने पोषण पुनर्वास केंद्र (एनआरसी) में भर्ती कराया गया है। बताया कि जिन बच्चों की हालत ज्यादा नाजुक है, उनका संबंधित सीएचसी में इलाज कराया जा रहा है।
डा. आशुतोष निरंजन ने बताया कि 10 अति कुपोषित बच्चों को पुनर्वास केंद्र में भर्ती कराया गया है। जिनका इलाज चल रहा है। एक पखवाड़े के बाद जांच में सही पाए जाने पर छुट्टी कर दी जाएगी।