सरीला। जलालपुर साख से निकली माइनर की पटरी टूट जाने से खेड़ा शिलाजीत गांव के कई किसानों की फसलें जलमग्न हो गईं। परेशान किसान फसलों से पानी निकालने में जुटे हैं।
जलालपुर साख में इस साल भरपूर पानी चल रहा है। बुधवार को साख से निकली खेड़ा शिलाजीत माइनर के टूटने से खेतों में पानी भर गया। किसान वीरसिंह, चुंटा, अरुण कुमार, जसवंत, महेंद्र, अनिल, चंद्रप्रकाश ने बताया कि माइनर के अचानक टूटने से मटर व लाही की फसलों में पानी भर गया। जिससे फसलों में गलने की स्थिति बन गई है। परेशान किसान खेतों से पानी निकालने में जुटे हैं।
भरुआसुमेरपुर। वार्ड नंबर-16 में माहभर पूर्व डाली गई पेयजल पाइप लाइन में जगह-जगह लीकेज होने से गंदे पानी की आपूर्ति हो रही है। वहीं लीकेज से रास्ते में जलभराव से कीचड़ हो रहा है। नयी पाइप लाइन में लीकेज को लेकर बाशिंदों में खासी नाराजगी है।
वार्ड निवासी दीपक यादव, अमरीश वर्मा, राकेश वर्मा, जगदीश वर्मा ने बताया कि एक माह पूर्व जल संस्थान ने पेयजल आपूर्ति के लिए पाइप लाइन बिछाई थी। डाली गई पाइप लाइन में जगह जगह से लीकेज है। जिससे गंदे पानी की आपूर्ति हो रही है। साथ ही रास्ते में जलभराव से कीचड़ फैल रहा है। इससे आवागमन में परेशानी हो रही है। बताया कि सभासद भोला यादव को अवगत कराया गया है।
उधर, जल संस्थान के अवर अभियंता विश्वलेंद्र ने बताया कि मामला संज्ञान में है। लीकेज ठीक कराए जाएंगे। बताया कि वार्ड में दो किमी पाइप लाइन डाली गई है। अभी तक सिर्फ 45 कनेक्शन हुए हैं। पानी की खपत न होने से पाइप लाइन में ओवरलोड बढ़ने से लीकेज की समस्या है। उन्होंने कहा कि वह मौके पर जाकर समस्या का समाधान कराएंगे।