राठ (हमीरपुर)। कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में दो वर्षीय मासूम बच्ची के साथ एक अधेड़ ने दुष्कर्म किया। खून से लथपथ बच्ची सुबह नलकूप के पास झाड़ियों में पड़ी मिली। परिजनों ने उसे सीएचसी में भर्ती कराया, हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। बच्ची परिवार के साथ शादी समारोह में शामिल होने आई थी।
कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी अनुसूचित जाति के व्यक्ति ने बताया कि सोमवार रात गांव के बाहर बने मंदिर में विवाह समारोह चल रहा था। उनकी दो वर्षीय बच्ची जयमाला स्टेज के पास खेल रही थी। तभी कोतवाली क्षेत्र के खरेंहटा गांव निवासी रामकुमार (45) सबकी नजर बचाते हुए बच्ची को उठा कर ले गया। खेत में बने नलकूप पर ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। परिजन व ग्रामीण रात भर बच्ची को खोजते रहे। मंगलवार सुबह एक शराबी पर शक होने पर ग्रामीणों ने उसकी जमकर पिटाई की तो वह परिजनों को मासूम के पास ले गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया। बराती व जनाती शराबी से किसी प्रकार के संबंध से इनकार कर रहे हैं।
सीओ अभय नारायण राय ने कहा कि बच्ची को मेडिकल जांच के लिए महिला पुलिस और बाल संरक्षक अधिकारी के साथ जिला अस्पताल भेजा गया है। तहरीर के आधार पर पाक्सो एक्ट व एससीएसटी एक्ट केे तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया हैै 164 के बयान दर्ज किए जाएंगे।
बच्ची की हालत सामान्य है। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। बच्ची को कानपुर भेजा गया है। मामले में जल्द से जल्द आरोप पत्र दाखिल कर आरोपी को सजा दिलाने का काम किया जाएगा।
-केके दीक्षित (-एसपी )