फोटो 30 एचएएमपी 19- ट्रॉफी के साथ खुशी जताती विजेता टीम। संवाद
मौदहा (हमीरपुर)। कस्बे में चल रहे मौलाना सलीम मेमोरियल अखिल भारतीय खेल महोत्सव में प्रथम फेज के फाइनल में केजीएन मौदहा ने स्टार वाइस बांदा को 90 रन से हराकर ट्रॉफी अपने नाम की। दर्शकों ने खेल का पूरा लुत्फ उठाया। तालियां बजाकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन भी किया।
मुख्य अतिथि नगर पालिकाध्यक्ष रजा मुहम्मद ने फाइल मैच को शुरू कराया। केजीएन मौदहा के कप्तान ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने का फैसला लिया। पहला विकेट तीसरे ओवर में 15 रन के स्कोर पर मनोज के रूप में गिरा। मनोज ने दो चौका के साथ 10 रन बनाए। बल्लेबाजी करने आए प्रियांशु ने अंशू ठाकुर का अच्छा साथ दिया। दोनों ने मिलकर 70 बनाए। अंशू ठाकुर तीन छक्का व पांच चौकों की मदद से 50 रन की पारी खेलकर रन आउट हो गए। इसके बाद 9 छोटू रन बनाकर आउट हो गए। प्रियांशु 31 रन के निजी स्कोर पर कपिल की गेंद पर कैच आउट हो गए। अखिल ने 40 नाबाद रन बनाए। टीम ने 15 ओवर में चार विकेट खोकर 166 रनों का स्कोर बनाया। बांदा के कपिल, मोहित और मातादीन ने एक-एक विकेट लिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी स्टार वाइस बांदा की टीम को पहला झटका चौथे ओवर में लगा।
ओपनर बल्लेबाज शिवम तीन रन के निजी स्कोर पर आउट हुए। उस वक्त टीम का स्कोर 23 रन था। इसके बाद बांदा की टीम को वासिद 21 रन और तौकीर 25 रन ने संघर्ष करते हुए संभालने का प्रयास किया। लेकिन इन दोनों के आउट होते ही पूरी टीम ताश के पत्तों की तरह बिखर गई। अन्य कोई भी बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू सका। पूरी टीम 74 रनों पर सिमट गई। फाइनल मुकाबला केजीएन मौदहा ने 90 रनों के बड़े अंतर से जीतकर ट्रॉफी अपने नाम की। मौदहा के गेंदबाज अखिल ने 4 विकेट लिए तो अंशू ने 3 विकेट झटके। अंशू ने गेंद और बल्ले दोनों से बेहतर काम किया इस पर उन्हें मैन ऑफ दी मैच घोषित किया गया। मैन आफ दी सीरीज मनोज रहे। बेस्ट बल्लेबाज साहिल सिद्दीकी, बेस्ट फील्डर व बेस्ट बॉलर मनोज को चुना गया। मुख्य अतिथि ने सभी को पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
विजेता टीम को 1.50 लाख का चेक व ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। उपविजेता टीम को 60 हजार रुपये का पुरस्कार देकर सम्मानित किया। इस मुकाबले में रेफरी की भूमिका इश्तियाक व राजा बाबू ने निभाई। स्कोरिंग समीर व कमेंट्री साकेत ने की। इस दौरान कमेटी अध्यक्ष बीतू बादशाह, अनीश, इरशाद उर्फ लाला, शमशाद नबी, बबलू पठान, राजू मेम्बर का योगदान रहा।