राठ। नहर बाईपास पर चाय की दुकान से कार सवार छह लोगों ने युवक को अगवा कर लिया। करीब दो घंटे बाद मारपीट कर रोडवेज बस स्टैंड के सामने कर से फेक कर भाग गए। छह लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हुई है।
फरसौलियाना मोहल्ला निवासी जयनारायण पचौरी ने शनिवार को कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है। जिसमें बताया कि शुक्रवार देर शाम मोहल्ले में ही रहने वाला उनका ममेरा भाई शिवम (28) पुत्र कृष्णगोपाल नहर बाईपास पर एक दुकान में चाय पीने गया था। तभी स्कार्पियो सवार रिहुंटा गांव निवासी विनय चौधरी, पवन चौधरी, सिकरौधा निवासी विवेक राजपूत, पवन, मगरौठ निवासी भूरा, बडेरा गांव के निखिल ने शिवम को हत्या करने की नियत से अगवा कर लिया। आरोपी उसे कार में डालकर ले गए। सूचना मिलने पर परिजन उसकी तलाश में जुट गए। करीब दो घंटे बाद आरोपी उसे मारपीट कर रोडवेज के पास फेककर चले गए। बताया कि मारपीट में ममेरे भाई को गंभीर चोटें आईं हैं। परिजनों ने सीएचसी में भर्ती कराया। जहां से डॉक्टर ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। कोतवाल अमित कुमार ने कहा कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है। किसी लड़की की वजह से मारपीट की बात सामने आ रही है। कहा कि मामले की गहराई से छानबीन की जाएगी।