सरीला (हमीरपुर)। खनन सामग्री की ओवरलोड ढुलाई पर शिकंजा कसते हुए प्रशासन ने गुरुवार को व्यापक अभियान चलाया। जरिया से सुमेरपुर तक चले संयुक्त अभियान में कुल 17 ओवरलोड ट्रक पकड़े गए। इनमें से 8 ट्रक सीज किए गए, जबकि 9 ट्रकों से लगभग 5 लाख रुपये प्रशमन शुल्क जमा कराया गया।
अभियान के तहत जरिया थाना क्षेत्र के जिटकरी-चंडौत से पांच, सुमेरपुर फैक्ट्री एरिया से छह, कुछेछा से दो तथा कुंडौरा-नारायणपुर मार्ग के मध्य चार वाहन पकड़े गए। अधिकारियों के अनुसार कार्रवाई की भनक लगते ही कई ट्रकों को अलग-अलग स्थानों पर छिपाकर खड़ा कर दिया गया था। कुंडौरा-नारायणपुर के बीच एक वर्कशॉप में छिपाए गए चार ट्रकों को भी टीम ने दबिश देकर जब्त कर लिया।
संयुक्त टीम में एआरटीओ और खनन विभाग के अधिकारी शामिल रहे। एआरटीओ अमिताभ राय ने बताया कि लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि ओवरलोड वाहन क्षेत्रीय सड़कों को नुकसान पहुंचा रहे हैं और राजस्व की हानि हो रही है। कहा कि 17 ट्रकों के विरुद्ध कार्रवाई की गई है। 8 ट्रक सीज किए गए हैं, जबकि 9 ट्रकों से लगभग 5 लाख रुपये प्रशमन शुल्क जमा कराया गया है। कार्रवाई के दौरान खनन इंस्पेक्टर उमाकांत भी मौजूद रहे।