फोटो- 05 एचएएमपी 05- सुमेरपुर गल्ला मंडी के सामने पिकअप की टक्कर से क्षतिग्रस्त ई रिक्शा एवं घा
भरुआ सुमेरपुर (हमीरपुर)। नेशनल हाईवे-34 पर नवीन गल्ला मंडी के पास बुधवार दोपहर तेज रफ्तार लोडर ने ई-रिक्शा में टक्कर मार दी। हादसे में ई-रिक्शा सवार चार छात्र-छात्राएं और चालक घायल हो गया। घायलों को पीएचसी पहुंचाया गया जहां से तीन छात्राओं की हालत गंभीर होने पर उन्हें सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।
बुधवार दोपहर करीब 1:30 बजे राजकीय महाविद्यालय कुछेछा से बीएड की परीक्षा देकर छात्र शिवम त्रिपाठी (25), गायत्री शुक्ला (27), सोनम (26) और पूजा (25) ई-रिक्शा चालक मुकेश कुमार के साथ सुमेरपुर लौट रहे थे। ई-रिक्शा नवीन गल्ला मंडी के सामने पहुंचा तभी सामने आ रहे तेज रफ्तार लोडर ने टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी तेज थी कि ई-रिक्शा क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार सभी लोग घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद छात्राएं गायत्री शुक्ला, सोनम और पूजा की हालत गंभीर देख सदर अस्पताल रेफर कर दिया जबकि शिवम त्रिपाठी और चालक मुकेश कुमार को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।